गेहूं भीगकर खराब होने पर जिम्मेदारों पर करें कार्यवाही
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने शनिवार को गेहूं उपार्जन की समीक्षा के दौरान हाल में एक-दो गेहूं खरीदी केन्द्रों में बारिश से गेहूं के भीगने के मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होने कहा कि खरीदी केन्द्रों में गेहूं का संग्रहण रहा आना ट्रान्सपोर्टर्स के साथ ही समिति प्रबंधक और खरीदी केन्द्र प्रभारी की भी लापरवाही है। गेहूं के सुरक्षित स्टॉक और भीगने के मामले में समिति को रिकव्हरी का नोटिस देने तथा संबंधित जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। उन्होने कहा कि ट्रान्सेपोर्टर्स द्वारा समय पर परिवहन नहीं किये जाने के फलस्वरुप पैनाल्टी लगायें तथा ट्रान्सपोर्टर को ब्लैकलिस्ट करने की कार्यवाही की जाये। जिला आपूर्ति अधिकारी पी0के0 श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अब तक 8 हजार मेट्रिक टन चना की खरीदी की जा चुकी है। खरीदी 10 जून तक की जायेगी। गेहूं उपार्जन के 92 प्रतिशत किसानों का भुगतान हो गया है। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी खरीदी केन्द्रों से गेहूं का परिवहन अतिशीघ्र कराकर गेहूं उपार्जन की गतिविधियों को बाईन्डअप करने के निर्देश दिये हैं।

