जिले में मनाया गया राष्ट्रीय मतदाता दिवस
पीजी कॉलेज में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
पीजी कॉलेज खरगोन के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात कलेक्टर श्री शर्मा द्वारा सभी मतदाताओं को शपथ दिलाई गई कि हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपने पूर्ण आस्था रखते हुए अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाएं रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजीव कुमार का संदेश भी सुनाया गया।
कलेक्टर श्री शर्मा ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि हमारे देश का लोकतंत्र सबसे बड़ा है। लोकतंत्र को मजबूत बनाएं रखने के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया में सभी का योगदान बहुत जरूरी है। मतदान करना हमारा सर्वाधिक महत्वपूर्ण दायित्व है। निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक वोट का महत्व होता है। आज जिन नये मतदाताओं को पहचान पत्र मिले हैं, उन्हें आगामी लोकसभाी चुनाव में मतदान करने का अवसर मिलेगा। इस प्रकार नये मतदाता भी अब देश के निर्माण का हिस्सा बनेंगे।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि मतदान करना हमारा संवैधानिक अधिकार है। पहले मतदाधिकार सीमित लोगों को ही था। लेकिन आज 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी लोगों को मताधिकार प्राप्त है। इसमें जाति, धर्म, लिंग का कोई भेद नहीं किया जाता है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि सभी मतदाता मतदान कर निर्वाचन प्रक्रिया में हिस्सेदारी निभाएं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय एवं जिला स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता प्रथम स्थान प्राप्त खरगोन की छात्रा कुमारी दिव्या कुशवाह, द्वितीय स्थान प्राप्त बड़वाह के छात्र सावन सिटोले एवं तृतीय स्थान प्राप्त खरगोन की छात्रा कुमारी भावना वर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नये मतदाता कुमारी लाली सरवन, कुमारी मोनिका सोलंकी, कुमारी सुरभि यादव, कुमारी दिव्या वाघे, कुमारी महक साराठे, रोहित भादरे, अंश चंदेल, रोशभ ओछाने, अनुराग यादव एवं सुमित वर्मा को फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में विधानसभा निर्वाचन 2023 में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत वाले विधानसभा क्षेत्र खरगोन के बीएलओ अकावल्या के सहायक अध्यापक संजय पाटीदार, घोट्या के सहायक शिक्षक परसराम निगोले, बिसनपुरा के सहायक अध्यापक सहदेव कछवाहे, विधानसभा क्षेत्र भगवानपुरा के बीएलओ लाहौरपानी के सहायक अध्यापक रैलसिंह बड़ोले, सालीफाल्या के सहायक अध्यापक मन्नालाल वसाले, एवं गोपालपुरा के प्राथमिक शिक्षक ब्रजमोहन वर्मा को प्रशस्त्रि पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जेएस बघेल, एसडीएम श्री भास्कर गाचले, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री भारत सिंह जमरे, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रत्ना शर्मा, निर्वाचन पर्यवेक्षक कैलाश पाटीदार, पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरएस देवड़ा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री अमित शर्मा द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि आम मतदाताओं में चुनावों के प्रति जागरूकता पैदा करने एवं उन्हें चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रति वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। 25 जनवरी 1950 को भारत के निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी और 25 जनवरी 2011 से प्रति वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।
