श्रम मंत्री श्री प्रहलाद पटेल श्रमायुक्त कार्यालय के निरीक्षण के पश्चात आयोजित बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। मंत्री श्री पटेल ने श्रम पोर्टल के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। पोर्टल को और अधिक अद्यतन करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रवासी श्रमिक, संविदा श्रमिक, मोटर यातायात श्रमिकों सहित संगठित एवं असगंठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिये विशेष प्रयास किये जाने के निर्देश भी दिये। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि श्रम कानूनों/अधिनियमों में समय की जरूरत के मान से सुधार किया जाये। प्रवासी श्रमिकों की परिभाषा को पुन: परिभाषित करने की आवश्यकता बतायी। उन्होंने विभिन्न श्रम अधिनियमों के अन्तर्गत दर्ज प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रवासी मजदूरों के पंजीयन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। दूसरे राज्य से आने वाले श्रमिकों के स्थानीय स्तर पर पंजीयन की भी जरूरत उन्होंने बतायी। मंत्री श्री पटेल ने नवनियुक्त विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। श्रम मंत्री श्री पटेल ने श्रम सेवा पोर्टल पर दी जाने वाली सेवाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि प्रदेश से बाहर प्रवास करने वाले श्रमिकों एवं अन्य प्रदेश से मध्यप्रदेश में आने वाले प्रवासी श्रमिकों की पहचान एवं उन्हें श्रम अधिनियमों का लाभ प्राप्त हो सके, इस संबंध में विशेष प्रयास किये जाने के निर्देश भी दिये। मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिकों को आधार के माध्यम से केवायसी संबंधी आँकड़ों की समीक्षा की। उन्होंने कार्य में गति लाने के निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिये गये। श्रम सेवा पोर्टल के माध्यम से ऐसी सेवाएं जो एक निश्चित समय-सीमा उपरांत डीम्ड सेवा के रूप में आवेदक को प्राप्त होती है, उन सेवाओं में संतुष्टिप्रद सेवाओं में श्रम विभाग के उल्लेखनीय कार्य के लिये विभागीय अधिकारियों की प्रशंसा की गई।

बैठक में श्रम कल्याण मण्डल के अध्यक्ष श्री भगवानदास गोंडाने, इंदौर संभागायुक्त श्री मालसिंह, श्रमायुक्त श्री संजय गुप्ता, उप श्रमायुक्त द्वय श्री एल.पी. पाठक और श्री एस.एस. दीक्षित सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।