मध्यप्रदेश में 8 फरवरी से स्काई डाइविंग फेस्टिवल- प्रमुख सचिव श्री शुक्ला
उज्जैन और भोपाल में हुए पिछले संस्करणों में मिली है सकारात्मक प्रतिक्रिया
प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने बताया कि यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो में 20 फरवरी से 26 फरवरी तक 50वें खजुराहो नृत्य समारोह का आयोजन होगा। महोत्सव के स्वर्ण जंयती अवसर को खास बनाने के लिए दुनिया का सबसे रोमांचक खेल स्काई डाईविंग फेस्टिवल आयोजित किया जा रहा है। देशभर के रोमांचप्रेमी इस दौरान 10 हजार फीट की ऊंचाई से खजुराहो में पुरातात्विक उत्कृष्टता के प्रतीक धरोहरों को निहार सकेंगे।
खजुराहो नृत्य समारोह की शुरुआत वर्ष 1975 में की गई थी और तब से आज तक संस्कृति विभाग अंतर्गत उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा इसका सफल आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष नृत्य और कला के इस असीम संगम की स्वर्ण जंयती है, जिसे लेकर विशेष तैयारियां की जा रही है। इसी के तहत स्काई डाईविंग फेस्टिवल होगा, जिसमें देशभर से रोमांच प्रेमी खजुराहो पहुंचेंगे।
आधुनिक और बेहद सुरक्षित होगी राईड
स्काई डाईविंग का संचालन डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डी.जी.सी.ऐ) DGCA एवं यूनाइटेड स्टेट पैराशूट एसोसिएशन (यू.एस.पी.ए.) USPA द्वारा प्रमाणित संस्था “स्काई-हाई इंडिया” द्वारा किया जा रहा है। स्काई डाइविंग में उपयोग किए जाने वाला एयरक्राफ्ट नागरिक विमानन निदेशालय से पंजीकृत है। संस्था द्वारा उच्चतम मानकों के साथ प्रशिक्षित स्काई डाइवर के सहयोग से स्काई डाइविंग कराई जायेगी।
