पीबीटीजी समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवम आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ दिलाना प्राथमिकता – कलेक्टर श्री माकिन

पीएम जनमन योजना अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास की बैठक संपन्न

(दतिया)  पीएम जनमन योजना अंतर्गत कलेक्टर बंगले के सभागार में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग की बैठक कलेक्टर श्री संदीप माकिन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कलेक्टर श्री संदीप माकिन ने कहा कि जनमन योजना अंतर्गत पीवीटीजी समुदाय के हितग्राहियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ दिलाना प्राथमिकता के साथ होना चाहिए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं एवं संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री माकिन ने कहा कि जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति निवास करती है।
 यहां के दूरस्थ और पहुंच विहीन क्षेत्रों में लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस क्षेत्रों के स्वास्थ केंद्रों में डॉक्टर, मानव संसाधन, उपकरण और दवाइयों के साथ वहां की इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के निर्देश भी दिए है। कलेक्टर श्री माकिन ने आयुष्मान कार्ड की समीक्षा करते हुए कहा कि इसमें अधिक गंभीरता से कार्य करते हुए शत प्रतिशत लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित करे। उन्होंने इसके लिए कार्य योजना बनाते हुए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन नागरिको का आयुष्मान कार्ड नही बना है, आयुष्मान कार्ड 10 फरवरी तक अनिवार्य रूप से बनाना सुनिश्चित करे।
आयुष्मान कार्ड योजना स्वास्थ्य के लिए तैयार की गई शासन की बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है, जिसका लाभ प्रत्येक व्यक्ति को मिलना चाहिए। विशेष पिछड़ी जनजातियों के सभी नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बनने के बाद इसका लाभ दिलाना भी सुनिश्चित करें। इसकी मॉनिटरिंग समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को करने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर श्री माकिन ने एनीमिया की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में कुपोषण और एनीमिया दूर करना प्रमुख लक्ष्य है। इसके लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आदिम जाति कल्याण विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर स्कूल, छात्रावास और आंगनबाड़ी केंद्रों में आयरन गोली वितरण करने के निर्देश दिए। इसके लिए नवाचार करते हुए लोगों को जागरूक करे। जिले में सहारिया जनजाति को आगे लाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जनमन योजना संचालित की जा रही है। जिसमें पीवीजीटी समुदाय के प्रत्येक पात्र व्यक्तियों को शौचालय सहित पक्का घर उपलब्ध कराना, समुदाय प्रत्येक पात्र परिवार के घर में स्वच्छ पेयजल जनजल के माध्यम से उपलब्ध कराना, 100 या अधिक पीवीजीटी समूह की जनसंख्या वाले टोले मजरे तक सडक निर्माण कार्य कराना, व्यक्तियों के घर तक बिजली की उपलब्धता कराना, स्कूल से संयोजित छात्रावास की उपलब्धता सुनिश्चित करना, नव युवकों को माई भारत स्वयं सेवकों के माध्यम से व्यावसायिक शिक्षा/ कौशल साक्षरता उपलब्ध कराना, बहुउद्देशीय केन्द्र एवं चलित चिकित्सकीय वाहन के माध्यम से पीवीजीटी समुदाय के सभी व्यक्तियों के लिए स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना, आंगनवाडी केन्द्रों के माध्यम से बहुउद्देशीय केन्द्रों में पोषण उपलब्ध कराना, वन धन विकास केन्द्रों के माध्यम से आजीविका स्तर पर सुधार करना प्रत्येक सदस्य को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना अंतर्गत फ्री राषन उपलब्ध कराना, प्रत्येक सदस्य को पीएम उज्जवला योजना के अंतर्गत फ्री एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराना, प्रत्येक सदस्य को आयुष्मान कार्ड की उपलब्धता सुनिष्चित करना, गर्भवती महिला को प्रधानमंत्री पोषण योजना से लाभान्वित करना, गर्भवती महिला को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराना, बसाहटों में अभियान चलाकर सिकल सेल, एनीमिया,टीकाकरण,टीबी प्रभावित मरीजों का चिन्हांकन करते हुए उन्हें इलाज उपलब्ध कराना, स्कूली बच्चों को पीएम पोषण योजना अंतर्गत मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराना, प्रत्येक पात्र सदस्य को पीएम जनधन योजना से लाभान्वित करना एवं प्रत्येक बालिका (0 से 10 साल आयु समूह) को सुकन्या समृद्धि योजना से लाभान्वित करना। प्रधानमंत्री जनमन के प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न विकास विभागों द्वारा पीवीजीटी समुदाय को लाभान्वित करने से संबंधित स्वास्थ्य शिविर, वन धन विकास केन्द्र से संबंधित, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। कलेक्टर ने कहा कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों तथा प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन उनके निर्धारित समय पर हो।
सभी सुपरवाइजर स्टाफ फील्ड विजिट तथा समीक्षा बैठकों के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करेंगे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि भ्रमण के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सुपरवाइजर स्टाफ पर कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति दर्ज संख्या की तुलना में अत्यंत कम है, इसमें सुधार के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। योजनाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जानकारियों के अभाव में हितग्राहियों को समय से लाभ प्राप्त नहीं हो पाता है। कलेक्टर ने कहा कि सभी संस्थाओं में प्रदाय की जा रही सेवाओं के विषय में जानकारी प्रदर्शित की जाए।
योजना का नाम, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, लाभ तथा संपर्क व्यक्ति के विषय में स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित हो। विभिन्न प्रचार-प्रसार के माध्यम से जानकारी लोगों के बीच तक पहुंचाया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दतिया श्री गिर्राज दुबे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरबी कुरेले, महिला बाल विकास अधिकारी श्री अरविन्द उपाध्याय सहित समस्त परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर आदि अन्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें