कलेक्टर श्री पुष्प ने किया एमपीईबी के नवनिर्मित 132/33 के.व्ही. अति उच्च दाब उपकेंद्र हर्रई का आकस्मिक निरीक्षण

हर्रई और अमरवाड़ा क्षेत्र को वोल्टेज की समस्या से मिलेगी राहत क्षेत्र के 17000 से अधिक विद्युत उपभोक्ता होंगे लाभान्वित

(छिन्दवाडा)  कलेक्टर श्री मनोज पुष्प ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक श्री विनायक वर्मा और सीईओ जिला पंचायत श्री पार्थ जैसवाल के साथ एमपीईबी के नवनिर्मित 132/33 के. व्ही.अति उच्च दाब उपकेंद्र हर्रई का आकस्मिक निरीक्षण किया और उपकेंद्र संचालन का कंप्यूटर के माध्यम से ओवरव्यू देखने के उपरांत इससे विद्युत संबंधी समस्यायों से क्षेत्रवासियों को क्या राहत मिलेगी इसकी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अधीक्षण अभियंता म.प्र.पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी श्री खुशियाल शिववंशी व कार्यपालन अभियंता हर्रई और एसडीएम अमरवाड़ा श्री हेमकरण धुर्वे भी उपस्थित थे। वोल्टेज की समस्या के स्थाई रूप से निराकरण करने के लिए हर्रई में इस अति उच्च दाब केंद्र 132/33 के.वी.उपकेंद्र का निर्माण शासन की टी.बी.सी.बी योजना के अंतर्गत लगभग 51 करोड़ रूपये की लागत से किया गया है।

       अधीक्षण अभियंता म.प्र.पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी श्री शिववंशी ने जानकारी दी कि वर्तमान में हर्रई क्षेत्र में अमरवाड़ा से निर्गमित 33 के.वी. फीडर के माध्यम से हर्रई, स्वामी सलैया, रातामाटी और हड़ाई उपकेंद्र के गांवों को विद्युत् प्रदाय किया जाता है। लाईन की लम्बाई अधिक होने और कृषि भार में पिछले दो साल में अचानक वृध्दि होने के कारण वोल्टेज की समस्या बनी रहती थी। स्थाई रूप से इसका निराकरण करने के लिए हर्रई में अति उच्च दाब केंद्र 132/33 के.वी. उपकेंद्र का निर्माण शासन की टी.बी.सी.बी योजना के अंतर्गत किया गया है। यह सब स्टेशन चार्ज हो जाने से हर्रई क्षेत्र में स्थापित हर्रई उपकेंद्र के 33 गांव, रातामाटी उपकेंद्र के 22 गांव, स्वामी सलैया उपकेंद्र के 35 गाँव और हड़ाई उपकेंद्र के 19 गांवों के लगभग 17000 से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही बटकाखापा व सुरलाखापा क्षेत्र के गांवों में भी वोल्टेज की समस्या का निराकरण होगा। इस उपकेंद्र के बनने से अमरवाड़ा से 33 मेगावाट स्थापित लोड हर्रई में शिफ्ट हो जायेगा, जिससे अमरवाड़ा में भी लोड रिलीफ मिलेगा और यहाँ पर भी वोल्टेज में सुधार आएगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *