जनसंपर्क विभाग के समाचार को अब एनआईसी की वेबसाइट पर भी
( श्योपुर )
एनआईसी वेबसाइट पर सोशल मीडिया टूल्स को भी जोडा गया
शासन द्वारा किए जा रहे कार्यों और कार्यक्रमों की जानकारी आमजनों तक पहुँचाने के लिये जनसंपर्क विभाग विभिन्न प्रचार माध्यमों से सूचनाओं को पहुँचाने का कार्य करता है। विभाग द्वारा स्वयं की वेबसाइट के साथ-साथ ईमेल, वॉट्सएप के माध्यम से भी समाचार पत्रों, दूरदर्शन और आकाशवाणी के माध्यम से आमजनों को सूचनाएं प्रदान की जाती है। जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रतिदिन जारी किए जाने वाले समाचार एवं सूचनाओं को अब एनआईसी की वेबसाइट पर भी देखा जा सकेगा। साथ ही इस वेबसाईट पर जिला प्रशासन के सोशल मीडिया टूल्स को भी प्रशासन द्वारा की जा रही गतिविधियो की जानकारी के लिए जोडा गया है।
जनसंपर्क विभाग के आयुक्त सुदामा खाण्डे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के अधिकारियों को अपने-अपने जिलों के न्यूज पोर्टल को एनआईसी से संबद्ध करने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के परिपालन में ग्वालियर जनसंपर्क विभाग के डिस्ट्रिक पोर्टल को एनआईसी से जोड़ दिया गया है। अब श्योपुर एनआईसी http://sheopur.nic.in पर श्योपुर जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी किए गए समाचार, फोटो, फीचर्स, वीडियो को देखा जा सकेगा। कोई भी व्यक्ति एनआईसी की वेबसाइट पर श्योपुर जनसंपर्क द्वारा जारी किए जा रहे सभी समाचारों को देखकर उसका उपयोग कर सकेगा।
श्योपुर कलेक्टर श्री राकेश कुमार श्रीवास्तव ने आयुक्त जनसंपर्क विभाग द्वारा भेजे गए पत्र पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए जिला सूचना अधिकारी को जनसंपर्क के डिस्ट्रिक पोर्टल को एनआईसी से जोड़ने के निर्देश दिए। एनआईसी डिस्ट्रिक पोर्टल पर जनसंपर्क विभाग के पोर्टल को भी जोड़ दिया है। एनआईसी की वेबसाइट पर जिले की महत्वपूर्ण सूचनाओं के साथ-साथ अब जनसंपर्क विभाग के समाचारों को भी देखा जा सकेगा।
जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री जेपी राठौर ने बताया है कि जनसंपर्क विभाग के डिस्ट्रिक न्यूज पोर्टल dprmp.org के साथ-साथ एनआईसी के http://sheopur.nic.in पर भी जनसंपर्क विभाग के सभी समाचार को देखकर उपयोग किया जा सकेगा।
एनआईसी श्योपुर के डीआईओ श्री कपिल पाटीदार ने बताया कि डिस्ट्रीक्ट श्योपुर की एनआईसी वेबसाइट पर भी अब जिला जनसपंर्क कार्यालय श्योपुर के समाचार पत्रो को भी देखा जा सकेगा। साथ ही कलेक्टर श्योपुर के फेसबुक और ट्विटर हैण्डलर्स को भी श्योपुर एनआईसी की साईट पर एमबेड किया जा चुका है। जिससे आम नागरिको को शासन, प्रशासन की गतिविधियों की जानकारी श्योपुर एनआईसी की साईट पर उपलब्ध है।
