बरही में कबाड़ चोरों का आतंक, खाकी का कबाड़ चोरों पर नही है ख़ौफ़
हायर सेकंडरी स्कूल बरही में 3 दिन में 2 बार घुसे चोर, 5 कमरों में बिजली फिटिंग की तार उखाड़ ले गए चोर
(बरही) कबाड़ में चाहे जो भी समान हो सब कुछ बिक जाने व खाकी का ख़ौफ़ न होने की वजह से बरही में कबाड़ चोर बेख़ौफ़ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे है। बरही के कटनी मार्ग में स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में 3 दिन में 2 बार अज्ञात चोरों ने बेख़ौफ़ चोरी की, वारदात को अंजाम देते हुए स्कूल के 5 कमरों में बिजली फिंटिंग उखाड़ते हुए उसकी तार ले गए। इतना ही नही उत्पाती चोरों ने स्कूल के नलों को भी उखाड़ दिया, टोटियां निकालकर ले गए। केमेस्ट्री लैब की तार के साथ ही वहां रखे लोहे के छोटे-छोटे स्टैंड भी ले गए। इस स्कूल में यह पहली घटना नही है, इसके पूर्व भी अज्ञात चोरों ने कई बार सेंधमारी करते हुए स्कूल की सामग्री को पार कर चुके है।
लिखित सूचना पुलिस को दी
चोरी की इस वारदात के संबंध में स्कूल प्राचार्य रामचरित दुबे का कहना है कि अज्ञात चोरों ने स्कूल में जम कर उत्पात किया है। मामले की लिखित जानकारी बरही पुलिस को दी जा चुकी है, इसके पूर्व भी चोरी की वारदात हो चुकी है, जिसकी भी कंप्लेन की गई थी।
इधर स्कूल प्रांगण में शराबियों का भी तांडव
बरही के कटनी मार्ग स्थित स्कूल प्रांगण में शाम ढलते ही सुरा प्रेमियों की महफ़िल सज जाती है। शराब का बेख़ौफ़ सेवन स्कूल मैदान में बैठकर सुरा प्रेमी कर रहे है और शराब की बोतल, डिस्पोजल, चिखना सामग्री, पानी पाउच, पॉलीथिन स्कूल कैम्पस में ही छोड़ जाते है। अब इन दिन मेन गेट में ताला लगा होने के बाद भी स्कूल की बाउंड्री कूदकर असमाजिक तत्व स्कूल मैदान में प्रवेश करते है, जहां वे इत्मीनान से सुरा का सेवन करते है।
स्टापडेम का गेट भी ले गए चोर
बरही के कटनी मार्ग स्थित स्टॉप डेम में जल संग्रहण के लिए लगे लोहे के आधा दर्जन गेट को भी कबाड़ चोरों ने पार करते हुए बेख़ौफ़ कबाड़ियों के यहाँ खफा दिया है, जिससे जल संग्रहण के लिए बना स्टाफ डैम महज शोपीस बनकर रह गया है।
कबाड़ियों पर लगाएंगे लगाम – टीआई बरही
बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने स्कूल में हुई चोरी की वारदात पर अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि यह गंभीर मुद्दा है, कबाड़ का कारोबार करने वाले के खिलाफ लगाम लगाई जाएगी, समान किससे खरीद रहे है, इसकी पड़ताल की जाएगी।
✍️ (आनंद सर्राफ)
RPKP INDIA NEWS
बरही
