इच्छुक महिलायें जीवन शक्ति योजना का लाभ लेने हेतु पंजीयन करायें –
( सतना )
आमजन को कोरोना से बचाव के लिए निश्चित कीमत पर गुणवत्तापूर्ण मास्क उपलब्ध करवाने तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन द्वारा जीवन शक्ति योजना संचालित की गई है। इस योजना के अंतर्गत समस्त शहरी वयस्क महिलाएं पात्र है। इच्छुक महिलाएं अपना पंजीयन वेबसाइट www.maskupmp.mp.gov.in पर स्वयं करा सकती हैं। दूरभाष केन्द्र क्र. 0755-2700800 पर फोन करके भी वे अपना पंजीयन करा सकती हैं। पंजीयन कराने के लिए स्वयं के नाम का बैक खाता क्रमांक एवं आधार क्रमांक अनिवार्य है। पंजीयन के पश्चात प्रत्येक हितग्राही को समस्त जानकारी केवल उसके पंजीकृत मोवाइल नम्बर पर ही भेजी जायेगी। इसके अतिरिक्त हितग्राही समस्त जानकारियाँ पोर्टल पर अपने खाते में भी देख सकेंगे।
संबंधित महिला के पंजीकृत मोवाइल नम्बर पर एसएमएस के माध्यम से आदेश प्राप्त होगा इस एसएमएस में एक लिंक भी होगी जिस पर क्लिक करने पर आदेश की प्रति देखी जा सकती है। आदेश प्राप्त होने पर शत-प्रतिशत सूती कपडा का थ्री फोल्ड डबल लेयर का 8×4 आकार का मास्क निर्माण कर पंजीकृत नगरीय निकाय के नोडल अधिकारी के पास जमा करने पर पोर्टल पर दर्ज कर नोडल अधिकारी द्वारा निर्धारित प्रपत्र पर पावती दी जायेगी। तत्पश्चात् 11 रूपये प्रति मास्क की दर से राशि हितग्राही के पंजीकृत खाते में जमा हो जाएगी। शहरी की इच्छुक वयस्क महिलाएं अपना पंजीयन कराकर मास्क निर्माण का कार्य कर सकती हैं।
