सागर लोकसभा क्षेत्र से चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) होंगे कांग्रेस से पहलवान, भाजपा की लता वानखेड़े को देंगे टक्कर

पिछले विधानसभा चुनाव से पूर्व बसपा छोड़कर कांग्रेस में हुए थे शामिल, बुंदेलखंड क्षेत्र की सियासत में बुंदेला परिवार का रहा दखल

(छतरपुर) बुंदेलखंड में सक्रिय राजनीति करने वाले उत्तर प्रदेश के चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) को कांग्रेस ने सागर लोकसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी डा. लता वानखेड़े से होगा। गुड्डू राजा झांसी-ललितपुर के पूर्व सांसद सुजान सिंह बुंदेला के पुत्र हैं। वह बसपा छोड़ पिछले साल मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे। उनको पार्टी ने कांग्रेस का प्रदेश महामंत्री बनाया था। बुंदेलखंड की राजनीति में बुंदेला परिवार का दबदबा रहा है।

विधानसभा चुनाव में भी थे टिकट के दावेदार
सागर सीट से कांग्रेस खुरई के पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे को टिकट देने पर विचार कर रही थी, लेकिन उनके भाजपा में शामिल के बाद पार्टी को बड़े चेहरे की तलाश थी। चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) ने विधानसभा चुनाव में सक्रिया भूमिका निभाई। वे विस चुनाव में भी टिकट की दावेदारी कर रहे थे। कांग्रेस में शामिल होने के बाद से वे सागर संभाग में सक्रिय थे। वहीं भाजपा ने यहां से सांसद राजबहादुर सिंह का टिकट काटकर लता वानखेड़े को प्रत्याशी बनाया है, जिनसे गुड्डू राजा का मुख्य मुकाबला होगा।

गाड़ियों के काफिले के साथ चर्चाओं में आए थे चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा)….
विधानसभा चुनाव से पहले गुड्डू राजा सागर जिले में अपने गाड़ियों के काफिले के चलते चर्चाओं में आए थे। वे जब कांग्रेस की सदस्यता लेने जा रहे थे, तब उनकी गाड़ियों का काफिला खुरई क्षेत्र से गुजरा था। उनके काफिले में एक के बाद एक कई लग्जरी गाड़ियां कतार में चल रही थीं। चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) बुंदेलखंड की राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं। उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी राजनीतिक रही है। चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) के पिता स्व. सुजान सिंह बुंदेला सांसद रहे हैं। उन्होंने सागर जिले में अपने प्रवेश के साथ ही बता दिया था कि यूपी के ललितपुर की सियासत में सक्रिय रहने वाले बुंदेला अब यहां भी राजनीति में प्रवेश कर चुके हैं। पहले ऐसा माना जा रहा था कि वे खुरई से कांग्रेस की ओर से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, लेकिन बाद में टिकट रक्षा राजपूत को दिया गया। इसके बाद सांसद पद के प्रत्याशी की चर्चाएं तेज हुई। इसके लिए अरुणोदय चौबे सबसे बड़े दावेदार थे, लेकिन उनके भाजपा में शामिल होने के बाद चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) को टिकट दिया गया।
✍️ (पंकज पाराशर)
RPKP INDIA NEWS
         छतरपुर

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें