लोकसभा निर्वाचन के प्रशिक्षण सत्र में सीएम राइज और सेंटपॉल स्कूल पहुंचे जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत

लोकसभा निर्वाचन 2024, चुनाव का पर्व-देश का गर्व

(कटनी)  लोकसभा निर्वाचन 2024 की प्रक्रियाएं अंतिम चरण में है। निर्वाचन को त्रुटि रहित, निर्विघ्न और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने का दायित्व आप लोगों का भी है। समस्त मतदान कर्मी प्रशिक्षण सत्र में अत्यंत गंभीरता से मॉक पोल,सीआरसी, निर्धारित प्रारूपों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप त्रुटि रहित भरने का अभ्यास अच्छे तरीके से करें। इस आशय के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ एवं निर्वाचन प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी श्री शिशिर गेमावत ने मंगलवार को झिंझरी स्थित सीएम राइज स्कूल (मॉडल) और सेंट पॉल स्कूल में चल रहे निर्वाचन प्रशिक्षण का निरीक्षण करते हुए निर्वाचन प्रशिक्षण ले रहे मतदान कर्मियों से कहीं। उन्होंने हिदायत देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप चुनाव प्रक्रिया की बारीकियों को आत्मसात करें, ताकि मतदान दिवस के दिन किसी भी प्रकार की असहज स्थिति निर्मित न हो।

 

अंतिम पंक्ति में पीछे बेंच पर बैठकर सीईओ ने प्रशिक्षण का लिया जायजा,लिया फीड बैक
निर्वाचन प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी श्री गेमावत ने झिंझरी स्थित सीएम राइज स्कूल (मॉडल) के कक्ष क्रमांक दो में चल रहे प्रशिक्षण का अंतिम पंक्ति की बेंच पर बैठकर अवलोकन कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लोक सेवकों से पूर्व के निर्वाचनो के दौरान आने वाली कठिनाइयों और समस्याओं के संबंध में फीडबैक लिया। मास्टर ट्रेनर धीरेंद्र अग्रवाल द्वारा पीपीटी के माध्यम से दिए जा रहे निर्वाचन प्रशिक्षण की सराहना की।

सूर्या,मनीषा,मनोज और सूरजभान ने किए अनुभव साझा
प्रशिक्षण ले रही सूर्या वर्मा, मनीषा दीक्षित,मनोज कुमार अग्रवाल, मनीषा बडगइयां और सूरजभान सिंह ने मतदान के दौरान तथा सामग्री वितरण और वापसी के दौरान आने वाली कठिनाइयों को जिला पंचायत सीईओ से साझा किया।

सीईओ ने दिलाया भरोसा,आपको असुविधा न हो, जिला प्रशासन द्वारा की जा रही समुचित व्यवस्थाएं
प्रशिक्षण सत्र के दौरान मतदान कर्मियों द्वारा मतदान दिवस के दिन, सामग्री वितरण एवं वापसी करते समय, परिवहन और नेटवर्क संबंधी समस्याओं और कठिनाइयों से अवगत कराने पर जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने लोक सेवकों को भरोसा जताया कि जिला प्रशासन द्वारा सुगम, सहज मतदान हेतु हर संभव व्यवस्थाएं मुहैया कराए जाने हेतु समुचित व्यवस्थाएं की जा रही है ताकि आपको असुविधा न हो।

मास्टर ट्रेनर्स की वीसी होगी, लेंगे जानकारी और करेंगे आवश्यक सुधार
सीईओ श्री गेमावत ने प्रशिक्षण सत्र में बताया कि मास्टर ट्रेनर्स की वीसी के माध्यम से समीक्षा कर जानकारी ली जाएगी और आवश्यक तथा तथ्य परक विषयों पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

इनकी रही मौजूदगी
इस दौरान निर्वाचन प्रशिक्षण के सहायक नोडल अधिकारी डी के पासी, अभय कुमार जैन और अन्य अधिकारी कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

✍️ (हरी शंकर पाराशर)
RPKP INDIA NEWS
        कटनी

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें