ईवीएम की सुरक्षा निर्वाचन आयोग की सर्वोपरि प्राथमिकता – संभागायुक्त श्री सिंह

(इन्दौर)  संभागायुक्त श्री दीपक सिंह एवं पुलिस महानिरीक्षक श्री अनुराग  द्वारा लोक सभा निर्वाचन 2024 के संबंध में 191 अलीराजपुर एवं 192 जोबट विधान सभा के लिए स्थापित ईवीएम स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल एवं मतदान सामग्री वितरण स्थल का निरीक्षण किया गया । इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ईवीएम की सुरक्षा निर्वाचन आयोग की सर्वोपरि प्राथमिकता है। इस संदर्भ में राजस्व एवं पुलिस प्रशासन सतत निगरानी रखें। साथ ही सीसीटीवी के भी माध्यम से स्ट्रांग रूम पर नजर रखी जाए । उन्होंने निर्देशित किया कि कॉलेज परिसर के आस पास भी बेरिकेड  एवं वाल फेन्सींग जैसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतगणना स्थल के निरीक्षण के दौरान बताया कि पर्याप्त मात्रा में मतगणना दल एवं सुविधाएं उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो एवं मतगणना समय में पूर्ण हो सके। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ अभय अरविंद बेडेकर ने बताया कि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा ईवीएम शिफ्ट का कार्य एवं स्ट्रांग रूम को सील करने का कार्य राजनैतिक दलों की उपस्थिति में किया जा चुका है। स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए पर्याप्त मात्रा में सुरक्षाकर्मी उपलब्ध हैं। साथ ही सीसीटीवी के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास , मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी , उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री प्रियांशी भंवर, अपर कलेक्टर श्रीमती अनुपमा चौहान, अनुविभागीय अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी श्री विरेन्द्र सिंह, श्री तपीस पांडे सहित पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें