जनसंवाद कार्यक्रम में ए सी सी दशहरा उत्सव मे झूला ग्राउन्ड ठेका एवं महंगाई को लेकर दिखा जन आक्रोश
पुलिस थाना कैमोर में पुलिस अधीक्षक की गरिमामयी उपस्थिति में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री प्रिया चंद्रावत, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) हरिओम शर्मा ,नायब तहसीलदार, डीएसपी सौरभ कुमार , नगर परिषद अध्यक्ष गणेश राव प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक के द्वारा पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली के संबंध में चर्चा करते हुए कैमोर पुलिस थाना की गतिविधियों के संबंध में थाना प्रभारी कैमोर से जानकारी उपरांत कैमोर नगर की जनता को उसके अच्छे कार्यों के लिए एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए प्रशंसा की और बताया कि कैमोर थाना मध्यप्रदेश में प्रथम घोषित किया गया है जिसका श्रेय कैमोर नगर एवं क्षेत्रवासियों को जाता है। उन्होंने वाहनों के चालानी कार्रवाई के भी विभिन्न पहलुओं को विस्तार से समझाते हुए कहा की पुलिस प्रशासन एवं आम जनता दोनों को सूझबूझ के साथ इस समस्या के लिये अपनी-अपनी सोच बदलनी चाहिए जिससे लोगों को सुरक्षा उपलब्ध हो एवं पुलिस प्रशासन को भी अपना काम करने में सहूलियत हो।
तत्पश्चात ए सी सी दशहरा उत्सव के संबंध में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों से सुझाव लिए गए जिसमें सदस्यों ने अपने-अपने विचार पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किये । राष्ट्रीय पत्रकार कल्याण परिषद के तहसील अध्यक्ष आरिफ खान ने प्रमुखता से रामलीला मैदान में हुए ठेके एवं दुकानदारों की समस्याओं के संबंध में बताया कि अत्यधिक महंगा ठेका होने के कारण दशहरा उत्सव का उत्साह नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र की जनता में इस वर्ष कम दिख रहा है । झूला मैदान का ठेका लगभग 8 लाख से अधिक में दिया गया है जिससे झूले के रेट प्रति व्यक्ति 40 से ₹50 तक है जो कि पूर्व में 20 ₹30 थे । उन्होंने सुझाव दिया कि ठेके की प्रक्रिया में नगर परिषद के प्रतिनिधियों एवं नगर के प्रतिनिधियों को भी एसीसी के द्वारा शामिल किया जाना चाहिए तथा ठेकेदारों को ठेके के पूर्व मेले में उपलब्ध सामग्री एवं झूले आदि की सूची तैयार कर रेट तय किया जाना चाहिए जिससे महंगाई की समस्या का समाधान हो सके एवं ग्रामीण हर्षोल्लास के साथ दशहरा उत्सव में शामिल हो ।पुलिस अधीक्षक ने उनके इस सुझाव को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के साथ ए सी सी के उपस्थित अधिकारियों को भी इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार कर जन हित मे निर्णय लेने को कहा। राष्ट्रीय पत्रकार कल्याण परिषद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष संतोष प्रसाद तिवारी, कार्यकारी जिलाध्यक्ष संतोष तिवारी , तहसील अध्यक्ष आरिफ खान, तहसील महासचिव राजेश चक्रवर्ती, नगर अध्यक्ष गुलशन चक्रवर्ती , उपाध्यक्ष सुभाष दुबे द्वारा पुलिस अधीक्षक महोदय को कैमोर आगमन पर स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।
इस जनसंवाद कार्यक्रम में शांति समिति के सम्माननीय सदस्यगण, औद्योगिक इकाइयों के पदाधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार साथी उपस्थित थे।
जनसंवाद कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक ने एवरेस्ट एवं एसीसी रामलीला मैदान का निरीक्षण किया एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।
