जिले में सर्वे टीम और रैपिड रिस्पांस टीम अपना दायित्व गंभीरता से निर्वहन करें – कलेक्टर श्री सिंह

( इन्दौर )

कोविड-19 महामारी के संबंध में जिले की सम्पूर्ण जानकारी सार्थक पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश

कलेक्टर श्री मनीष सिंह की अध्यक्षता में आज एआईसीटीएसएल सभाकक्ष में कोविड-19 महामारी के संबंध में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में आयुक्त नगर निगम सुश्री प्रतिभा पाल और अपर कलेक्टर श्री कैलाश वानखेड़े विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि कोविड-19 महामारी को हमें गंभीरता से लेना होगा। इस मुहिम से जुड़ी सर्वे टीम और रैपिड रिस्पांस टीम अपना दायित्व गंभीरता से निर्वहन करें। इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी कोविड-19 से जुड़ी जानकारी जिले के सार्थक पोर्टल पर दर्ज करें और उसे रोज अपडेट भी करें। हमें कोविड-19 महामारी से मुकाबला पेशेंट मैनेजमेंट के जरिये करना है। सभी संबंधित विभाग मिलकर टीम भावना से काम करें।
उन्होंने कहा कि सर्वे टीम सर्वे करते समय कोविड पॉजिटिव मरीजों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करायें। कोविड पॉजिटिव पेशेंट का त्वरित इलाज जरूरी है। विलंब होने पर स्थिति गंभीर हो सकती है। क्षेत्रीय एसडीएम  इस काम में अधीनस्थ तहसीलदार और एसएलआर और राजस्व निरीक्षक से भी सहयोग ले सकते हैं। सर्वे टीम का काम घर-घर जाकर कोविड पॉजिटिव मरीजों की खोज करना है। इसके अलावा कोविड पॉजिटिव मरीजों की कन्टैक्ट हिस्ट्री की जांच जरूरी है। कोविड पॉजिटिव मरीज के सम्पर्क में आने वाले सभी लोगों की सैम्पलिंग जरूरी है। उन्होंने बैठक में कहा कि फीवर क्लीनिक के अभिनव प्रयोग से बहुत ही अच्छे परिणाम सामने आये हैं। फीवर क्लीनिक में  जाँच में कोविड पॉजिटिव मरीजों को शीघ्रातिशीघ्र कोविड अस्पताल में भर्ती करना जरूरी है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रोहन सक्सेना,संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन श्री अभय राजनगाँवकर, डॉ. अनिल डोंगरे, एनआईसी प्रभारी सुश्री सुनीता जैन आदि मौजूद थीं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें