समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर अवि प्रसाद ने की विभागीय कार्याे एवं योजनाओं की समीक्षा

आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से निराकरण करने की अफसरों को हिदायत

(कटनी) – कलेक्टर अवि प्रसाद ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का निराकरण संवेदनशील और जवाबदेही के साथ करने के निर्देश दिए।

            समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री प्रसाद ने चाका मार्ग पर पुलिया के पास हनुमान मंदिर मार्ग की जर्जर सड़क के सुधार कार्य हेतु लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों को संयुक्त विजिट कर नियमानुसार सड़क मरम्मत कार्य करानें के साथ ही कार्यपालन यंत्री पी.आई.यू को जिला चिकित्सालय में आवश्यक मरम्मत कार्य करानें और चिकित्सालय परिसर में सुचारू सफाई व्यवस्था हेतु सिविल सर्जन डॉ यशवंत वर्मा को आवश्यक कार्यवाही करानें हेतु निर्देशित किया गया।

            बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत, अपर कलेक्टर साधना परस्ते, संयुक्त कलेक्टर संस्कृति शर्मा, डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी, विवेक गुप्ता, ज्योति लिल्हारे सहित समस्त एस.डी.एम मौजूद रहे।

न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर प्रस्तुत करें जवाबदावा

            कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा उच्च न्यायालय में प्रचलित अवमानना प्रकरणों, सहित राजस्व विभाग एवं अन्य विभागों के उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाकर जनपद पंचायत के सी.ई.ओ, स्कूल शिक्षा विभाग, नगर निगम, जिला शिक्षा केन्द्र जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को लंबित न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

किसानों की लबित राशि का करें भुगतान

            समूह एवं बैंक के माध्यम से कृषकों को धान बिक्री की राशि के भुगतान की जानकारी की प्रक्रिया से अवगत होकर कलेक्टर श्री प्रसाद ने कृषकों की लंबित राशि का भुगतान शीघ्रता से करनें तथा जानकारी से अवगत कराने के निर्देश नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों को दिए।

रहवासी क्षेत्रों से अलग करें कबाड़ दुकान

            ग्रीष्म ऋतु में होने वाली संभावित अग्नि दुर्घटना की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए टाउन एंड कंट्री प्लान को दृष्टिगत रखते हुए रहवासी क्षेत्रों में संचालित हो रहे कबाड़ व्यवसाय को चिन्हित कर नोटिस की कार्यवाही करते हुए शीध्रता से नियमानुसार कार्यवाही करने की हिदायत नगर निगम के अधिकारियों को दी गई।

दिव्यांग छात्रों की शिक्षा हेतु करें संयुक्त बैठक

            कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा नवीन सत्र 2024-25 में छात्रों को स्कूलों में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया के दौरान जिले के दिव्यांग छात्रों की शिक्षा को दृष्टिगत रखते हुए शिक्षा विभाग, डीपीसी एवं सामाजिक न्याय विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित कर दिव्यांग छात्रों को चिन्हित कर उन्हें स्कूलों में प्रवेश दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एडल्ट बीसीजी वैक्सीनेशन के अभियान में तेजी लायें

            जिले में संचालित एडल्ट बी.सी.जी वैक्सीनेशन की समीक्षा के दौरान कम प्रगति पाये जाने पर कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा नाराजगी व्यक्त की जाकर सी.एम.एच.ओ डॉ आर.के. आठ्या को वैक्सीनेशन हेतु जागरूकता अभियान कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी गई। साथ ही इस संबंध में अपील एवं आवश्यक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।

            बैठक में कलेक्टर श्री प्रसाद ने सुविधा की दृष्टि से दीनदयाल रसोई योजना के तहत चलित वाहन को जिला चिकित्सालय परिसर में खडा कराये जानें, अवैध रेत उत्खनन के संबंध में जांच कर इसी सप्ताह जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करनें, पर्यावरणीय स्वीकृति में निहित शर्तों के पालन प्रतिवेदन हेतु खनिज विभाग की बैठक आयोजित करने, विद्यालय एवं छात्रावास भवन में पेयजल एवं बिजली की व्यवस्था सुदृढ़ करने, कोदो एवं कुटकी के किसानों का चिन्हांकन करने, जिला चिकित्सालय में की जा रही सोनोग्राफी की प्रति सप्ताह जानकारी प्रेषित करने सहित अन्य अन्य प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें