कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने मतदान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 82 बीएलओ को किया सम्मानित

11 वॉलेन्टियर भी किये गये सम्मानित

(इन्दौर)  इंदौर जिले में गत 13 मई को सम्पन्न हुये लोकसभा निर्वाचन के मतदान में श्रेष्ठतम कार्य करने वाले जिले के 82 बूथ लेवल अधिकारियों(बीएलओ) एवं 11 वॉलेन्टियर को आज कलेक्टर कार्यालय में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशीष सिंह ने सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वीप अभियान के प्रभारी और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन तथा अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र रघुवंशी भी विशेष रूप से मौजूद थे।

      यह सम्मान उन्हें कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशीष सिंह की पहल के तहत दिया गया। सम्मान स्वरूप बूथ लेवल अधिकारियों(बीएलओ) एवं वॉलेन्टियर को नगद राशि एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बूथ लेवल अधिकारियों(बीएलओ) को पाँच-पाँच हजार रुपये एवं वॉलेन्टियर को ग्यारह-ग्यारह हजार रुपये दिये गये।

      कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने सभी बीएलओ और वॉलेन्टियर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इनकी विशेष मेहनत और प्रयासों के फलस्वरूप जिले में बेहतर मतदान हुआ है। सभी ने रूचि लेकर स्वप्रेरणा के साथ मतदाता जागरूकता के लिए उत्कृष्ट कार्य किये है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे इसी तरह पूरी लगन और कर्मठता के साथ अपने विभागीय कार्यों को भी करे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के अंतर्गत शहरी क्षेत्र में ऐसे मतदान केन्द्र जहां 75 प्रतिशत से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे मतदान केन्द्र जहां 80 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई हो, वहां के बूथ लेवल अधिकारियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 80 प्रतिशत से अधिक मतदान वाले 51 मतदान केन्द्रों के बीएलओ को और शहरी क्षेत्र के 75 प्रतिशत से अधिक मतदान वाले 31 मतदान केन्द्रों के बीएलओ को सम्मानित किया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें