नागरिक सुविधा की ओर बढ़ते कदम
( इन्दौर )
इंदौर जिले में 30 आधार पंजीयन केंद्रों पर हुआ काम शुरू, अन्य 20 आधार पंजीयन केन्द्र भी इसी सप्ताह होंगे शुरू
इंदौर जिले में नागरिकों को आधार संबंधी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिये 30 पंजीयन केन्द्र शुरू हो गये हैं। इंदौर जिले में 50 आधार पंजीयन केन्द्र हैं। शेष 20 आधार पंजीयन केन्द्रों पर भी इसी हफ्ते पंजीयन का काम शुरू हो जायेगा। आधार पंजीयन केन्द्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग, सेनेटाइजेशन आदि के इंतजाम भी रखे गये हैं।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने एक आदेश जारी कर शहर में कंटेनमेंट क्षेत्र के बाहर स्थित आधार पंजीयन केन्द्रों को संचालन की अनुमति दी है। उन्होंने निर्देश दिये है कि इन केन्द्रों पर सभी उपकरणों को साफ, स्वच्छ रखा जाए, स्टाफ पूरे समय मास्क पहने रखे एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। समस्त ऑपरेटर एवं अन्य स्टाफ नियमित रुप से अपने हाथ साफ करें तथा स्वच्छता मानकों का पालन करते हुए सेनेटाइजर का उपयोग करें।
ई-गवर्नेंस के प्रबंधक श्री अतुल पाण्डे ने बताया कि इंदौर में 50 आधार पंजीयन केन्द्र हैं। इसमें से 30 आधार पंजीयन केन्द्रों पर काम शुरू हो गया है। शेष 20 पंजीयन केन्द्र भी इसी हफ्ते शुरू कर दिये जायेंगे। उन्होंने बताया कि इन पंजीयन केन्द्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक काम होगा। बताया गया कि आधार केन्द्रों में कंटेनमेंट झोन से आने वाले कर्मचारियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आधार संबंधित सेवा प्राप्त करने आए समस्त नागरिकों को केन्द्र में अंदर प्रवेश लेने से पहले साबुन या सेनेटाइजर से हाथ धोना होगा। सभी को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। मास्क केवल फोटो केप्चर के समय ही हटाया जा सकेगा।
प्रत्येक पंजीयन के पश्चात बायोमेट्रिक मशीनों को अनिवार्य रुप से सेनेटाइज किया जायेगा। समस्त आधार केन्द्रों के सुपरवाइजर शासन द्वारा जारी की गई एडवाईजरी को आमजन हेतु केन्द्र के बाहर चस्पा करना सुनिश्चित करेंगे। यदि किसी केन्द्र संचालक द्वारा आदेश की अवहेलना की जाती है तो संबंधित के विरूद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 एवं भारतीय दण्ड संहिता की धारा-188 के अंतर्गत दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी।
