एमएलए संजय सत्येंद्र पाठक से मिला एवरेस्ट कंपनी प्रबंधन, कहा नहीं चला पा रहे स्कूल

विधायक ने कहा अनवरत जारी रखें शाला का संचालन, बच्चों के भविष्य से न करें खिलवाड़

(विजयराघवगढ़) कैमोर एवरेस्ट कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों ने विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक से मुलाकात की और लगभग 70 सालों से चल रहे एवरेस्ट स्कूल को बंद करने की मंशा जताई। कंपनी प्रबंधन का कहना था कि जो प्रिंसिपल थीं वह भी रिटायर हो चुकी हैं और अब प्रबंधन खर्च उठाने की क्षमता भी नहीं है। स्कूल बंद करने को लेकर प्रबंधन द्वारा कई समस्याएं विधायक श्री पाठक को बताई गईं, लेकिन विधायक द्वारा दो टूक लहजे में यह कहा गया कि शाला का संचालन कंपनी को अनवरत रखना होगा।

नहीं चला पा रहे तो किसी दूसरी पार्टी को दें कमान
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि कंपनी को यह बात ध्यान में रखना चाहिए कि स्कूल में अध्ययनरत 300 छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ न हो। श्री पाठक ने यह भी कहा कि अगर कंपनी प्रबंधन स्कूल का संचालन यथावत रखने में सक्षम नहीं है तो किसी दूसरी पार्टी को स्कूल सौंप दें जो खर्च भी वहन कर सके और विधिवत स्कूल भी संचालित कर सके। हालाकि स्कूल संचालन की कमान तीसरी पार्टी को देने के पक्ष में कंपनी प्रबंधन की सहमति नहीं नजर आई।

विधायक ने कहा मैं भी उठाउंगा खर्चा
विधायक ने यह भी कहा कि स्कूल बंद करने की बजाय छात्र-छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए सर्व सुविधाओं से युक्त बनाकर स्कूल का संचालन कंपनी को करना चाहिए, जो खर्च कंपनी उठा सकती है उठाए और उसके अलावा जो भी खर्चा आएगा उसका भुगतान मैं स्वयं करूंगा। विधायक श्री पाठक की बात पर अंततः स्कूल संचालन ने सहमति जताई और हेड ऑफिस में इस संबंध में चर्चा करने की बात कही गई।

पूर्व में भी एमएलए ने किया था पत्राचार
उल्लेखनीय है कि विगत कई दिनों से एवरेस्ट कंपनी प्रबंधन द्वारा स्कूल का संचालन बंद करने की तैयारी की जा रही है जिससे छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों सहित क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। इस बात की जानकारी लगते हुए पूर्व में भी विधायक संजय सत्येंद्र पाठक द्वारा कंपनी प्रबंधन को पत्र लिखकर स्कूल संचालन यथावत रखने को कहा गया था बावजूद इसके प्रबंधन ने निर्णय नहीं बदला। कंपनी प्रबंधन के इस निर्णय के विरोध मे लगातार विरोध प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।

✍️ (अजय त्रिपाठी)
RPKP INDIA NEWS
       विजयराघवगढ़

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें