फिर सामने आई स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही, प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की गई जान

पहाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गंभीर हुई महिला की हालत, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई मौत
(कटनी) निवार पहाड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराई गई एक गर्भवती महिला और उसके नवजात बच्चे की प्रसव के दौरान मौत हो गई। महिला की हालत खराब होने पर पहाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की जांच की जा रही है।
झिरिया गांव निवासी सोहन सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी प्रमोद बाई (26) गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर उसे शनिवार को निवार पहाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत बिगड़ गई। पहाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला और उसके बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।