अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, बाकल थानांतर्गत राजा सलैया में रतनपुरा मोड़ पर हुआ हादसा
(कटनी) अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाकल थाना क्षेत्र के ग्राम राजा सलैया में रतनपुरा मोड़ पर सड़क हादसे की खबर मिलने पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी मुताबिक फागूराम आदिवासी पिता रामजी आदिवासी(30), निवासी जुजावल(स्लीमनाबाद) शनिवार की सुबह घर से मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एनएस 4225 में सवार होकर अपनी ससुराल हरदुआ-रैपुरा गया था। जब युवक वापस अपने घर आ रहा था और रैपुरा-सिहोरा राजमार्ग में ग्राम राजा सलैया के रतनपुरा चौराहे के समीप स्थित अंधे मोड़ के समीप से गुजर रहा था तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। इस दुर्घटना में युवक को गंभीर चोटें आने के कारण घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना था की सरकार चिकनी सपाट सड़कें तो बनवा रही है लेकिन अंधे मोड़ों, चौराहों में कोई सांकेतिक बोर्ड ना होने के कारण वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं और असमय काल का ग्रास बन जाते हैं। विगत वर्षों में बाकल से राजा सलैया घाट तक लगभग आधा सैकड़ा दुर्घटनाएं हुई हैं जिनमें दर्जन भर से अधिक लोगो ने अपनी जिंदगी खो दी है। कुछ दिन पहले ही रतनपुरा चौराहे के समीप मोड़ पर मिनी ट्रक और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में 2 युवकों की मौत हो गई थी। एक बार फिर एक युवक उसी स्थान पर काल कवलित हो गया। ग्रामीणों की मांग है की इस स्थान को ब्लेक स्पॉट घोषित किया जाए ताकि भविष्य में कोई काल के गाल में ना जाये। फिलहाल पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ केंद्र बहोरीबंद में मृतक का शव परीक्षण कराया और मर्ग प्रकरण दर्ज किया है। दुर्घटना कारित करने वाले अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध पुलिस द्वारा मामला कायम कर लिया गया है। अज्ञात वाहन और चालक की तलाश पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है।
