भुमका जलाशय का जनभागीदारी से किया गया गहरीकरण
(सतना) जल ही जीवन है’ के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा जल स्त्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिये ‘जल गंगा संवर्धन’ अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से लगातार संचालित है। सतना और मैहर जिले में भी जल गंगा संवर्धन अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान में ग्रामीण विकास विभाग, जन अभियान परिषद, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जन सहयोग से जल संरक्षण तथा संवर्धन के कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोहावल विकासखंड की ग्राम पंचायत भुमकहर में भुमका जलाशय का जनभागीदारी से गहरीकरण का कार्य कराया गया है। ग्राम पंचायत के उप सरपंच राजेंद्र डोहर ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम पंचायत अंतर्गत जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में भुमका जलाशय के गहरीकरण का कार्य पंचायत कर्मियों और स्थानीयजनों के सहयोग से किया गया है। जलाशय की साफ-सफाई कर एवं रंगाई-पुताई का कार्य कराकर इसे नया रुप दिया गया है।
