सिमको कंपनी के मैनेजर को चूना भट्ठे में जिंदा जलाया, पुलिस ने निकलवाई लाश, आरोपी अज्ञात
कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम कछगवां में हुई दिल दहला देने वाली घटना, हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव
( कटनी) जिले के कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कछगवां से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। ग्राम कछगवां में मौजूद सिमको कंपनी के चूने भट्ठे में वही काम करने वाले मैनेजर को अज्ञात लोगों ने बेरहमी से मारपीट करने के बाद चूने के भट्ठे में डालकर जिंदा जला दिया। सुबह जब लोगों को घटना की जानकारी लगी तो समूचे क्षेत्र में खलबली मच गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल को अपने नियंत्रण में लेते हुए अग्रिम कार्यवाही की। भट्टे में जिंदा जलाए गए मैनेजर की लाश पूरी तरह राख हो चुकी थी। भट्टे से जब मैनेजर के शव को बाहर निकाला गया तो पुलिस के हाथ मैनेजर की बॉडी के कुछ अंश ही लगे बाकी सब कुछ जलकर खाक हो गया। भट्टे की आग को शांत करने के लिए पुलिस ने दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर मंगवाई जिससे भट्ठे में पानी का प्रेशर डालने के बाद आग को शांत किया गया, तब कहीं जाकर मृतक मैनेजर के शव को बाहर निकाला जा सका। सूत्रों के मुताबिक कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कछगवां में सिमकों कंपनी के चूना भट्ठा में समीपवर्ती ग्राम मुडेहरा निवासी 55 वर्षीय सम्मू विश्वकर्मा पिता सुंदरलाल विश्वकर्मा मैनेजर के तौर पर कार्यरत था। कुछ अज्ञात लोगों बीती 19 एवं 20 जून की दरमियानी रात मारपीट करते हुए उसे जिंदा भट्ठे में फेंक दिया। भट्टे में फेक जाने के कारण सम्मु की बॉडी का लगभग आधे से अधिक हिस्सा जलकर राख हो गया है। बताया जाता है कि मृतक मैनेजर पिछले 20 वर्षों से सिमको कंपनी के लिए काम करता था। जिस भट्ठे में मैनेजर की लाश मिली है उस भट्ठे के आसपास कई जगह पर खून के धब्बे भी पाए गए हैं। मैनेजर की हत्या किन लोगों ने की, हत्या के पीछे वजह क्या है इन सवालों के जवाब पहेली बने हुए हैं जिन्हें सुलझाने का प्रयास पुलिस कर रही है। कुठला थाना प्रभारी अभिषेक चैबे का कहना था कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सारे पहलुओं पर गंभीरता पूर्वक जांच कर रही है। इस मामले में आरोपियों के जल्द पकड़े जाने की संभावना भी है।
✍️ (अजय त्रिपाठी)
न्यूज एडिटर
RPKP INDIA NEWS
