संभागायुक्त श्री दीपक सिंह से कुक्षी क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की
क्षेत्र में विस्थापन एवं पुनर्वास संबंधित समस्याएं बताई
संभागायुक्त श्री दीपक सिंह ने प्रतिनिधि मंडल को प्रभावितों की सहायता हेतु पूर्ण सहानुभूति के साथ सहयोग के लिए आश्वस्त किया
(इन्दौर) संभागायुक्त श्री दीपक सिंह से धार जिले के कुक्षी क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य जन का प्रतिनिधि मंडल मिला। प्रतिनिधि मंडल ने संभागायुक्त श्री सिंह को सरदार सरोवर के बैक वाटर क्षेत्र में अंतर्गत कुक्षी तहसील के ग्राम गोपालपुर, करोदिया, डेहर, बिलसुद, चंदनखेडी, भवरिया, एकलबारा, चिखल्दा, मंडवाडा, कटनेरा, बोधवाडा आदि ग्रामों में कई ग्रामीणों को मुआवजे की राशि नहीं मिलने की समस्या बताई। प्रतिनिधि मंडल ने मांग रखी कि पुनर्वास क्षेत्र को संबंधित क्षेत्र की ग्राम पंचायत को हैंड ओवर कराया जाए। प्रतिनिधि मंडल ने मांग रखी कि विस्थापित ग्रामीणों को पुनर्वास क्षेत्र में जो भूमि पट्टे के रूप में प्रदान की गई है उसका रजिस्ट्री का अधिकार प्रदान जाए, जिससे संबंधित ग्रामीण उक्त भूमि से बैंक ऋण आदि ले सके। प्रतिनिधि मंडल ने ग्राम चिखल्दा में करीब 4 से 5 परिवारों को मकान मुआवजे की राशि प्रदान कराए जाने की मांग भी रखी। डूब में प्रभावित हुई मंदिर आदि की कृषि भूमि के बदले अन्य स्थल पर कृषि भूमि प्रदान करने की मांग प्रतिनिधि मंडल सदस्यों ने की। संभागायुक्त श्री सिंह ने प्रतिनिधि मंडल को बताया कि पुनर्वास के कार्य में शासन एवं प्रशासन स्तर से लगातार विशेष प्रयास किये गए है। भविष्य में भी प्रभावितों के प्रति पूर्ण सहानुभूति के साथ कार्य किया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में श्री मनोज सोमानी, श्री जयदीप पटेल, श्री अंतर पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्री चंचल पाटीदार भवरिया, चंदनखेडी, टसवा, मंडवाडा, बोधवाडा, कडमाल, खापडखेडा, निसरपुर, चिखल्दा आदि ग्राम के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य जन सम्मिलित थे।
