ग्रीष्म के दृष्टिगत पेयजल के लिए एसडीएम ग्रामीण क्षेत्र में पीएचई के कार्यों का निरीक्षण करें

सीईओ जिला पंचायत श्री श्रीवास्तव ने समय सीमा समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

(रतलाम) समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत श्री शृंगार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में चालू ग्रीष्म के दृष्टिगत जिले के ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की गई। सीईओ श्री श्रीवास्तव ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता पर नजर रखें, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की मॉनिटरिंग करें। विभाग की नल जल योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। मॉनिटरिंग करें कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का मैदानी अमला जिम्मेदारी पूर्वक कार्य कर रहा है अथवा नहीं। बैठक में अपर कलेक्टर श्री आरएस मंडलोई तथा जिलाधिकारी उपस्थित थे।बैठक में सीएम हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। इस दौरान पाया गया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री भूरिया द्वारा शिकायतों के निराकरण हेतु उचित मॉनिटरिंग नहीं की जा रही है। जिले के बाजना क्षेत्र में पीएचई विभाग से संबंधित विगत जनवरी माह की शिकायत का निवारण अब तक नहीं किया गया है जबकि वह शिकायत ग्रामीणों द्वारा पेयजल समस्या के निराकरण हेतु की गई है। इसमें बताया गया है कि योजना बने को 2 वर्ष बीतने पर भी पानी नहीं मिला है। इस पर सीईओ द्वारा कार्यपालन यंत्री तथा अनुविभागीय अधिकारी पीएचई की लचर कार्यप्रणाली के प्रति अत्यंत नाराजगी व्यक्त की गई। इसके साथ ही सभी एसडीएम को भी निर्देशित किया गया कि मैदानी क्षेत्र में निरंतर चेक करें कि पीएचई का अमला कार्य कर रहा है अथवा नहीं। कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि इस ग्रीष्म में किए जा रहे हैंडपंप तथा ट्यूबवेल खनन की जानकारी मय सूची के सभी एसडीएम को उपलब्ध कराये। बाजना जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी निर्देशित किया गया कि वह ग्रीष्म में पेयजल संबंधी शिकायतों को अत्यंत गंभीरता से लेवे। जिले के कृषि विभाग की भी एक पुरानी शिकायत के मामले में सीईओ द्वारा उपसंचालक कृषि के प्रति सख्त नाराजगी व्यक्ति की गई जिसमें बताया गया कि विगत मार्च 2023 की एक शिकायत के मामले में पोर्टल पर अब तक कोई अपडेट नहीं है। लगभग साडे 14 माह पुरानी शिकायत के बारे में उपसंचालक ने बताया कि इस संबंध में किसान उपभोक्ता फोरम में चला गया है तब सीईओ श्री श्रीवास्तव ने कहा कि विभाग द्वारा कम से कम अपडेट स्थिति अनिवार्य रूप से बताई जानी चाहिए। कृषि विभाग की कई सारी पुरानी शिकायतों के मामले में अपडेट स्थिति का पता नहीं चल रहा है। इस दौरान सीईओ श्री श्रीवास्तव द्वारा सभी अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि हेल्पलाइन में गलत तरीके से शिकायत अटेंड करने पर कार्रवाई की जाएगी।

जिले के स्कूलों में मध्यान भोजन की गुणवत्ता चेक करने के निर्देश भी सीईओ श्री श्रीवास्तव द्वारा सभी एसडीएम को दिए गए। स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा भी की गई। जिसमें 45 हजार 635 टीकाकरण का वार्षिक लक्ष्य बताया गया। जिले के आदिवासी क्षेत्र बाजना तथा सैलाना में टीकाकरण विशेष मॉनिटरिंग के निर्देश संबंधित एसडीएम श्री मनीष जैन को दिए गए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें