केंद्रीय मंत्री डॉ. कुमार की उपस्थिति में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सिलेंस टीकमगढ़ का हुआ शुभारंभ
केन्द्रीय गृह मंत्री एवं मुख्यमंत्री की उपस्थिति में इन्दौर से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ प्रसारण
(टीकमगढ़) केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार के मुख्य आतिथ्य में आज प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सिलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टीकमगढ़ का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री द्वारा महाविद्यालय के मुख्य द्वार का फ़ीता काटकर किया गया। तत्पश्चात भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ विद्यार्थी सहायता केंद्र, विद्यार्थियों हेतु वाहन का भी उद्घाटन किया गया। केन्द्रीय मंत्री ने अतिथियों के साथ महाविद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका टीकमगढ़ अध्यक्ष श्री अब्दुल ग़फ़्फ़ार, सांसद प्रतिनिधि श्री विवेक चतुर्वेदी, सांसद प्रतिनिधि श्री अनुराग वर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, अपर कलेक्टर श्री पीएस चौहान, महाविद्यालय के पूर्व छात्र परिषद अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री राजेंद्र अध्वर्यु, महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. केसी जैन, डॉ. शशि प्रभा जैन, डॉ मोहम्मद नसीम ख़ान, डॉ. इन्द्रपाल सिंह गहरवार, डॉ वीएस शाक्य, समस्त सहायक प्राध्यापक, अतिथि विद्वान एवं महाविद्यालय कर्मचारी एवं बड़ी की संख्या में छात्र-छात्राएँ सहित शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नए सत्र में आज केन्द्रीय गृह मंत्री भारत सरकार श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा इन्दौर से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सिलेंस महाविद्यालयों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का टू वे सजीव प्रसारण प्रत्येक महाविद्यालयों में किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री इन्द्र सिंह परमार के भाषण को सुना गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने युवाओं को उत्कृष्ट विद्यार्थी बनकर भारत माता को गौरव दिलाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने कहा राष्ट्रीय शिक्षा नीति से छात्र-छात्रायें अपनी लोकल भाषा में पठन-पाठन कर सकते हैं और अपने विषय में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने आग्रह किया टीकमगढ़ जो भी छात्र-छात्रायें यदि कभी भी दिल्ली जाए तो चार जनपथ रोड पर सांसद निवास टीकमगढ़ हाउस पर ज़रूर जाएं एवं नए एवं पुराने संसद भवन का भ्रमण अवश्य करें। साथ ही केंद्रीय मंत्री डॉ कुमार ने इन सभी से आग्रह किया कि नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जुड़कर नशामुक्त भारत निर्माण में सहयोगी बनें एवं एक समृद्ध भारत की स्थापना करने में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री अमित नुना ने भी शासन का धन्यवाद देते हुए छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में उपस्थित सुविधाओं का उपयोग करते हुए शिक्षा प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहित किया और कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की अगुवाई में लगातार शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। अभी हाल ही में विश्व प्रसिद्ध नालंदा विश्वविद्यालय का पुनर्निर्माण किया गया है। नई शिक्षा नीति, भारतीय ज्ञान परंपरा के माध्यम से निश्चित रूप से भारत विश्व गुरु बन सकेगा।
महाविद्यालय में इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉक्टर इन्द्रजीत जैन ने किया तथा मंच संचालन डॉत्र प्रियंका मेहरा द्वारा किया गया। महाविद्यालय में टू वे प्रसारण हेतु समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें सहायक प्राध्यापक सौमित बनर्जी, डॉ. हरिमोहन राय, अमर प्रकाश पांडेय एवं नितिन मिश्रा रहे।
ज्ञातव्य है कि मध्य प्रदेश के 55 महाविद्यालयों को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस का दर्जा प्रदान किया गया है जिसमें शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टीकमगढ़ को भी प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सिलेंस चुना गया है।
