हर घर नल की टोटी से जल पहुंचने का सपना हुआ साकार-प्रतिमा बागरी
राज्यमंत्री ने किया 5 ग्राम पंचायतों की एकल नल जल योजना का लोकार्पण
नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार किसानों, युवाओं, गरीब परिवारों एवं महिलाओं के सशक्तीकरण आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनायें संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि देश को हर घर में नल से जल पहुंचाने की चिंता प्रधानमंत्री जी ने की और जल जीवन मिशन लागू किया। देश के घर-घर में नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचने का सपना अब साकार हुआ है। राज्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में बरगी का जल सिंचाई के लिए शीघ्र और अवश्य आयेगा। राज्य स्तर पर निरंतर मानीटरिंग और समीक्षा कर बरगी नहर को जिले में लाने के प्रयास तेज किये गये है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढाकर खेती को लाभ का धंधा बनाया जायेगा। वर्तमान परिवेश और पौष्टिकता के लिए मोटे अनाज को फिर से प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान मोटे अनाज की खेती जरूर करें और अपने खेतों तथा भोजन की थाली में मोटे अनाज को अवश्य स्थान दें।
राज्यमंत्री ने कहा कि बहनें रक्षाबंधन त्यौहार के साथ स्वतंत्रता का राष्ट्रीय त्यौहार भी उत्साहपूर्वक धूमधाम से मनाये। हर घर में तिरंगा फहराये और पर्यावरण के लिए एक पेड जरूर लगायें। राज्यमंत्री ने संबंधित सरपंच गणों को स्वच्छ पेयजल की जांच हेतु विभागीय किट भी प्रदान की। सतीश शर्मा ने कहा कि साफ पानी नहीं पीने से कई प्रकार की बीमारियां पनपती है। केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं से हर घर में नल की टोटी से शुद्धजल पहुंचाने का कार्य हुआ है। उन्होंने ग्रामीणजनों से कहा कि अब पेयजल योजना को सुरक्षित रखने और लगातार संचालित रखने की जिम्मेदारी सम्पूर्ण ग्रामवासियों की है।.
