नवीन पात्रता पर्ची के लिये श्रमिकों के सत्यापन का काम अभियान बतौर पूरा करें
अंतरविभागीय समन्वय बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने दिए निर्देश
अंतरविभागीय समन्वय बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार व श्री टी एन सिंह, जिले के सभी एसडीएम व विभिन्न विभागों के जिला व खण्ड स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। भितरवार, डबरा व घाटीगाँव के एसडीएम व जनपद पंचायतों के सीईओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी व्यवस्थायें 13 अगस्त तक पूर्ण कर लें
अंतरविभागीय समन्वय बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह की सभी व्यवस्थाओं को स्वतंत्रता दिवस की गरिमा को ध्यान में रखकर अंतिम रूप दें। व्यवस्थायें ऐसी हों, जिससे जिले के नागरिक सुविधाजनक तरीके से समारोह के कार्यक्रमों को देख सकें। ज्ञात हो जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को प्रात: 9 बजे से एसएएफ मैदान में आयोजित होगा। समारोह में आयोजित होने जा रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों व संयुक्त परेड की फायनल रिहर्सल 13 अगस्त को प्रात: 9 बजे होगी।
सीएम हैल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने पर जोर
सीएम हैल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने पर बैठक में विशेष बल दिया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार ने चिकित्सा शिक्षा, आदिम जाति कल्याण विभाग, पीएचई, महिला बाल विकास, स्वास्थ्य एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को सीएम हैल्पलाइन के निराकरण के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
