प्रदेश के प्रत्येक जिले में इन्वेस्टमेंट फैसिलिटेशन सेंटर होंगे स्थापित: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
कलेक्टर रहेंगे जिले के नोडल अधिकारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में 28 अगस्त को हो रही रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तैयारी की जानकारी लेकर दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पर्यटन, खाद्य प्र-संस्करण और आईटी के क्षेत्र में संभावनाओं के पूर्ण दोहन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कॉन्क्लेव में निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए भरपूर प्रयास किए जाएं। स्थानीय एवं बाहरी निवेशक दोनों का स्वागत करें। स्थानीय उद्योगपतियों की भी समस्याओं को जानकर उन्हें आवश्यक सहयोग करें। सभी कलेक्टर्स अपने जिलों में उपलब्ध ऐसी भूमि की जानकारी रखें जहां उद्योगों की स्थापना हो सकती है। प्रत्येक जिले में कलेक्टर उद्योगपतियों से निरंतर संवाद बनाएँ रखें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रत्येक जिले में लघु और कुटीर उद्योगों के सहायता समूह की गतिविधियों के कार्यों को बढ़ाया जाए। हैंडलूम और उद्यानिकी में भी कार्य हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कलेक्टर्स प्रभारी मंत्रियों से भी चर्चा करें और नियमित संवाद रखें। ग्वालियर और चंबल संभाग में उद्योगों की स्थापना का अच्छा वातावरण बनाया जाए। सभी निवेश प्रस्तावों पर मंथन कर समन्वय से उन्हें क्रियान्वित करने पर फोकस किया जाए। बैठक में प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग श्री राघवेंद्र कुमार सिंह ने प्रेजेंटेशन दिया।
*मंत्री गण वर्चुअली जुड़े बैठक से*
वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जल संसाधन मंत्री श्री तुलसी सिलावट, राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, नवीन एवं नवकरणीय मंत्री श्री राकेश शुक्ला शामिल हुए।
