मैहर कलेक्टर ने फोन पर सुनी आवेदकों की समस्यायें
(मैहर) मैहर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर रानी बाटड ने प्रातः 11 बजे से 12 बजे तक दूरभाष नंबर 07674-299232 के माध्यम से जिले भर से स्थानीय नागरिकों के द्वारा की गई 11 शिकायतो को ध्यानपूर्वक सुना एवं संबंधित अधिकारी को निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अशोक कुमार सोनी निवासी वार्ड क्रमांक-21 ने बताया कि 25 जुलाई 2024 को नगर पालिका मैहर के कर्मचारियों द्वारा नाली को तोड़ दिया गया है जिसकी वजह से नाली का गंदा पानी मेरे दरवाजे के सामने से बह रहा है जिसके कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी प्रकार सुनील दुबे निवासी अमदरा के द्वारा बताया गया कि अमदरा बस स्टैंड के पास अवैध अतिक्रमण किया गया है जिसे हटाने के लिए डेढ़ वर्ष पूर्व आदेश आने के बावजूद आज दिनाक तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। अभिषेक पटेल निवासी रामनगर वार्ड क्रमांक-13 ने बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा नाली निर्माण कार्य स्वीकृति होने के बावजूद नाली का निर्माण कार्य नही किया जा रहा है जिसकी वजह से आस-पास के घरों में पानी के भराव होने से समस्या हो रही है।
