शिक्षा एवं स्वास्थ्य राज्य शासन की प्राथमिकता-श्रीमती राधा सिंह
निराश्रित गौ-वंश पशुओं को रखने की करें उचित व्यवस्था प्रभारी मंत्री ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा
सांसद गणेश सिंह ने कहा कि सडक पर विचरण करने वाले निराश्रित गौ-वंश पशुओं को सुरक्षित रखने का सतना और मैहर जिले में किया जा रहा नवाचार सराहनीय है। इन अस्थायी वाडों में ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग के और भी अच्छी व्यवस्था की जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सांसद श्री सिंह ने कहा कि मैहर जिले में बडी संख्या में स्वास्थ्य संस्थाओं के भवनों के लिए राशि स्वीकृत की गई है। जिनमें विभाग द्वारा अधिकांश कार्य शुरू नहीं किये गये हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थाओं के निर्माण में तेजी लायें। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग के आंकडों की जानकारी में विभागीय योजनाओं में मैहर जिले का भाग अलग से प्रस्तुत करें।
जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा में सांसद ने कहा कि मैहर जिले के रामनगर में बाण सागर सामूहिक जल प्रदाय योजना पूरे सतना और मैहर जिले के लिए संचालित की जा रही है। हर घर नल से जल की इस योजना में कार्यकारी एजेंसी एलएनटी आगामी 10 साल तक मेंटीनेस का कार्य भी करेंगी। उन्होंने कहा कि योजना में पर्याप्त गति लाकर महत्वाकांक्षी योजना को शीघ्र फलीभूत करें। कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने राजस्व महाअभियान 2.0 की जानकारी में बताया कि 31 अगस्त को समाप्त हुए इस अभियान में नामांतरण, बंटवारा, अभिलेख दुरूस्ती में शत-प्रतिशत कार्य हुआ है। ई-केवायसी और नक्शा तरमीम में कुछ कार्य शेष हैं। राजस्व महाअभियान 2.0 में रीवा संभाग के मैहर, सतना और मऊगंज की रैंक सबसे ऊपर है। सीईओ जिला पंचायत संजना जैन ने ग्रामीण विकास की समीक्षा में बताया कि मैहर जिले में इस साल मनरेगा लेवर बजट का लक्ष्य 9 लाख 61 हजार 708 मानव दिवस का रखा गया है। जिसमें शुरू के 5 महीने में 4 लाख 53 हजार 611 मानव दिवस अर्जित कर 46 प्रतिशत उपलब्धि अर्जित कर ली गई है। मैहर जिले के तीन विकासखण्डों में 45 गौ-शाला निर्माण की गई है। जिनमें 5200 गौ-वंशीय पशु रखे गये हैं। इसके अलावा बडी तादाद में निराश्रित गौ-वंशीय पशुओं को रखने के लिए गोचर भूमि और जल संरचनाओं के निकट 44 अस्थायी बाडे बनाये गये हैं। जिनमें 1034 गौ-वंशीय पशु अब तक रखे गये हैं। इन पशुओं की देखरेख के लिए ग्राम पंचायतों द्वारा 62 व्यक्तियों को हकारे के रूप में रखा गया है। स्वच्छ भारत मिशन में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए छूट गये परिवारों से आवेदन आनलाइन लिये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना में मैहर जिले की 1231 शालाओं के 70858 बच्चों को 685 स्व-सहायता समूहों के माध्यम से मध्यान्ह भोजन का लाभ दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना में 47306 आवास लक्ष्य स्वीकृत के विरूद्ध 45167 आवास पूर्ण कर लिये गये है, जो कि 95.48 प्रतिशत की उपलब्धि है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा में बताया गया कि मैहर जिले में अगस्त माह का 92.6 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण कर लिया गया है। मुख्यमंत्री अन्नदूत योजना के अंतर्गत खाद्यान्न परिवहन के लिए अतिरिक्त वाहन लगाने की स्वीकृत प्राप्त हो गई है। बैठक में महिला बाल विकास, आदिम जाति कल्याण विभाग, स्वास्थ्य, आजीविका, जल जीवन मिशन, डीएमएफ मद के कार्यों की समीक्षा भी की गई।
