(मुरैना)कई विभागों द्वारा कर्मचारियों की लंबित समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता है। जिससे उस कर्मचारी को सेवानिवृत्त होने पर कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिये सभी विभाग अपने से संबंधित लंबित समस्याओं का निराकरण समय से करें, जिससे कर्मचारियों को समस्याओं का सामना ना करना पड़े।यह निर्देश कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार मुरैना में जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को दिये। कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने कहा कि 82,83 पेंशन प्रकरण विभागों की लापरवाही के कारण अभी भी जिला पेंशन कार्यालय में लंबित है, अगर वे लंबित पूर्तियां समय पर की गई होती तो सेवानिवृत्त होने के बाद कर्मचारी को पेंशन भी तत्काल स्वीकृत हो जाती। उन्होंने कहा कि विशेषकर बड़े विभाग जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व विभागों में अधिकतर प्रकरण लंबित है। उनका शीघ्र निराकरण करें। कलेक्टर ने कहा कि कर्मचारियों को उनके मेडीकल अवकाश सहित विभिन्न अवकाशों का लाभ समय पर मिल सके, इसके लिये विभाग प्रमुख विलंब न करें। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के वेतन, ऐरियर का भुगतान समय पर हों, इसके अलावा डीए, ऐरियर का भुगतान 15 दिवस में कराया जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि युक्त युक्तिकरण के तहत एक संकुल केन्द्र पर नियमानुसार स्कूल संचालित हों। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एक विद्यालय में एक शिक्षक है, उनको स्कूलों को चिन्हित करें, संकुल केन्द्र की परिधि में अतिरिक्त शिक्षक है तो वहां पदस्थापना कराई जाये। जहां एक शिक्षक विद्यालय में है। कलेक्टर ने कहा कि जिले में कोई विद्यालय बंद न रहे, इसके लिये शिक्षा विभाग प्लानिंग करें। बैठक में अनुकंपा नियुक्ति के सरलीकरण पर भी चर्चा की गई। इस पर कलेक्टर ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का सरलीकरण परामर्शदात्री समिति की बैठक में संभव नहीं। इसके लिये जिला योजना समिति की बैठक में विचार रखा जा सकता है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर श्री सीबी प्रसाद, एसडीएम मुरैना श्री बीएस कुशवाह, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर, डीपीसी, जिला पेंशन अधिकारी, जिला कोषालय अधिकारी सहित विभिन्न कर्मचारी संघो के पदाधिकारी उपस्थित थे।
परामर्शदात्री की दूसरी बैठक से अनुपस्थित रहने पर डीईओ ट्रायवल को नोटिस
अपर कलेक्टर श्री सीबी प्रसाद की अध्यक्षता में परामर्शदात्री समिति की दूसरी बैठक अपरान्ह 04 बजे आयोजित की गई थी। बैठक की सूचना के बाद भी डीईओ ट्रायवल श्री सौरभ राठौर अनुपस्थित रहे और न ही उनके द्वारा अपने प्रतिनिधि को भेजा गया। इस कारण कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान बैठक में नहीं हो सका। इसलिये अपर कलेक्टर ने श्री सौरभ राठौर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।