पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री श्री पटेल ने खुदिया पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट की
(हरदा) प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने हरदा जिले के ग्राम खुदिया में प्रदेश के अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री डॉ. विजय शाह, टिमरनी विधायक श्री अभिजीत शाह व टिमरनी के पूर्व विधायक श्री संजय शाह से भेंट कर शोक संवेदना प्रकट की। उल्लेखनीय है कि टिमरनी विधायक श्री अभिजीत शाह के पिता तथा अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री डॉ. विजय शाह व टिमरनी के पूर्व विधायक श्री संजय शाह के बड़े भाई श्री अजय शाह का निधन गत 30 अगस्त को हो गया था। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री पटेल ने ग्राम खुदिया में विधायक श्री अभिजीत शाह के निवास पर पहुँचकर उनके पिता स्वर्गीय श्री अजय शाह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने और शोक संतप्त परिवार को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेंद्र शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गहलोत व जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
