इंदौर जिले में प्रारंभ हुआ स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2024
जिले में जगह-जगह आयोजित की गई स्वच्छता आधारित गतिविधियां
2 अक्टूबर तक प्रतिदिन आयोजित किये जाएंगे स्वच्छता अभियान के तहत कार्यक्रम
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन ने बताया कि प्रारम्भ के दिनों में नागरिकों को अभियान से जोड़ने और सहभागिता बढ़ाने के लिये आयोजन किये जायेंगे। इसके बाद लोगों को सहभागी बनाते हुए व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। 29 सितंबर को पूरे जिले के स्वच्छता कर्मियों के सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के लिये शिविरों का आयोजन किया जायेगा। आज अभियान के शुरुआत में सभी 334 पंचायतों में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों के साथ संवाद एवं चर्चा की गई एवं समस्त पंचायतों में स्वच्छता शपथ के बाद सफाई की गई। शालाओं में भी बच्चों के द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही अन्य विभाग जैसे नेहरू युवा केन्द्र, NSS द्वारा भी व्यापक सफाई की गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिले में 19 सितम्बर को स्वच्छता कर्मियों का सम्मान कार्यक्रम, 20 सितम्बर को कान्ह एवं क्षिप्रा नदी किनारे के गाँवों की सफाई के लिये कार्यशाला का आयोजन एवं 21 सितंबर को कबाड़ से जुगाड़ कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इंदौर जिले में अभियान के दौरान लगभग 1000 स्थलों को साफ करने हेतु चिन्हित किया गया है। इस दौरान स्वच्छता अभियान के तहत लगभग 1500 अन्य गतिविधियों का आयोजन जिले में किया जायेगा।
