स्वच्छता ही सेवा अभियान :- मझौली के इन्द्राणां में सफाई मित्रों का हुआ सम्मान
(जबलपुर) प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन 17 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक चलाये जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आज गुरुवार को जनपद पंचायत मझौली की ग्राम पंचायत इन्द्राना में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियों आयोजित की गई।
ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने आयोजित की गई इन गतिविधियों में जनपद अध्यक्ष श्रीमती विद्या दिनेश चौरसिया ने सफाई मित्रों का सम्मान किया तथा उन्हें स्वच्छता किट प्रदान की। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुई स्वच्छता की गतिविधियों में स्कूली छात्राओं ने स्वच्छता गीत प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छता पर केंद्रित नाटक की प्रस्तुति भी दी गई। छात्राओं द्वारा कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता को लेकर बनाई गई रंगोली आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती विद्या चौरसिया ने स्वच्छता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर स्वच्छता रैली निकाली गई, ग्राम वासियों की स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, स्वच्छता पटल पर हस्ताक्षर किये गये तथा पौधारोपण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया । स्वच्छता पर आयोजित की गई इन गतिविधियों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता भी रही।
