माहवारी के समय रखी जाने वाली सावधानी एवं अपशिष्ट के निपटान के बारे में महिलाओं को जागरूक करने के लिए हर ब्लॉक में होंगी कार्यशालाएं

(इन्दौर) इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता ही सेवा अभियान अन्तर्गत स्वच्छता आधारित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिले में जहां एक और सामुदायिक स्वच्छता पर ध्यान दिया जा रहा है वहीं दूसरी ओर व्यक्तिगत स्वच्छता पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इस दिशा में जिला पंचायत द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए माहवारी के समय रखी जाने वाली सावधानी एवं अपशिष्ट के निपटान के बारे में महिलाओं को जागरूक करने के लिए विशेष प्रयास शुरू किए गए हैं। इसके तहत जिले के हर ब्लॉक में प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित करने का कार्यक्रम बनाया गया है।

   स्वच्छता ही सेवा अभियान इंदौर जिले में 17 सितम्बर से प्रारंभ किया गया है। इसमें लगातार जनसहभागिता आधारित विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सम्पूर्ण स्वच्छता की दृष्टि से महिलाओं में माहवारी के दौरान मेंस्ट्रुअल हाइजीन मैनेजमेंट (MHM) एक महत्वपूर्ण विषय है।  “महिलाओं में माहवारी अपशिष्ट प्रबंधन, मेंस्ट्रुअल हाइजीन मैनेजमेंट (MHM)’’ विषय पर जनपद पंचायत सांवेर के ग्राम पंचायत टोडी में महिला स्वसहायता समूह के क्लस्टर स्तर फेडरेशन की लगभग 140 महिलाओं के साथ प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में उपस्थित स्वसहायता समूहों की महिलाओं को माहवारी के समय रखी जाने वाली आवश्यक सावधानी एवं अपशिष्ट को सही तरीके से निपटान के बारे में जागरूक किया गया। स्वसहायता समूहों की महिलाओं को गांव में घर-घर से कचरा संग्रहण, सेग्रीगेशन के बारे में  भी अवगत कराया गया। स्वसहायता समूह की महिलाओं ने प्रशिक्षण में सक्रिय होकर भाग लिया। प्रशिक्षण के पश्चात सभी महिलाओं ने स्वच्छता की शपथ ली एवं परिसर में श्रमदान के माध्यम से सफाई की गई।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें