स्कूल-कॉलेज के बाहर गुटखा-सिगरेट बेचने वालों की खैर नहीं, बिकता मिला तो प्राचार्य होंगे जिम्मेदार
(सागर) विद्यालयों और महाविद्यालयों के आसपास पाए जाने वाले पान-गुटखा की दुकानों से छात्र-छात्राओं की सेहत पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। गुटखा, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से जहां विद्यार्थियों की सेहत खराब हो रही है, वहीं इन पदार्थों के उपयोग से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैल रही है।
विस्तार
विद्यालयों और महाविद्यालयों के आसपास पाए जाने वाले पान-गुटखा की दुकानों से छात्र-छात्राओं की सेहत पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। गुटखा, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से जहां विद्यार्थियों की सेहत खराब हो रही है, वहीं इन पदार्थों के उपयोग से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैल रही है। सोमवार को सागर कलेक्ट्रेट में हुई जिला प्रशासन की बैठक में कलेक्टर ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि किसी भी स्कूल या कॉलेज परिसर के बाहर तंबाकू, गुटखा और सिगरेट जैसी वस्तुओं की बिक्री नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कोई दुकानदार इन निर्देशों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने यह भी कहा कि शासकीय कार्यालयों में गुटखा खाना और थूकना भी पूरी तरह से प्रतिबंधित है, और ऐसे मामलों में चालानी कार्रवाई की जाएगी।
