अवैध मदिरा निर्माण एवं संग्रहण पर कार्यवाही के लिए चलाया गया विशेष अभियान

आबकारी एवं वन विभाग के संयुक्त दल ने बड़वाह के जंगल क्षेत्र में की छापामार कार्यवाही
25 हजार रुपये का महुआ लहान एवं अन्य सामग्री जब्त

(खरगोन) आबकारी आयुक्त म.प्र. के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा के आदेश पर आबकारी विभाग द्वारा जिले में मदिरा के अवैध रूप से निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर सतत कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग एवं वन विभाग के संयुक्त दल द्वारा 04 अक्टूबर को बड़वाह के जंगल क्षेत्र में छापामार कार्यवाही कर 25 हजार रुपये का महुआ लहान एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।

सहायक आबकारी आयुक्त श्री अभिषेक तिवारी ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण पर रोक लगाने के लिए 04 अक्टूबर को आबकारी वृत्त बड़वाह में प्रभारी अधिकारी आबकारी नियंत्रण कक्ष सजेन्द्र मोरी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा निर्माण, संग्रहण व मदिरा विक्रेताओं के विरुद्ध कार्यवाही के लिए बडवाह क्षेत्र के जंगल में आबकारी एवं वन विभाग के संयुक्त दल द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान 25 हजार रुपये मूल्य का 02 हजार किलो ग्राम महुआ लहान एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है। इस दौरान वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक रविशंकर पुरोहित द्वारा म.प्र. आबकारी अधिनियम के तहत 02 प्रकरण दर्ज किए गए है।

सहायक आबाकारी आयुक्त श्री तिवारी ने बताया कि आबकारी एवं पुलिस विभाग द्वारा बड़वाह एवं पलासिया क्षेत्र में मदिरा के अवैध रूप से निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय पर निरंतर कार्यवाही की जा रही है। 01 अक्टूबर 2023 से 30 सितंबर 2024 तक 01 वर्ष की अवधि में बड़वाह क्षेत्र में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 958 प्रकरण दर्ज कर 778 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यवाही में 12 हजार 124 लीटर कच्ची शराब, 1069 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा 01 लाख 29 हजार 400 किलो ग्राम महुआ लहान जब्त किया गया है। पिछले 01 साल की अवधि में जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 01 करोड़ 56 लाख 34 हजार 75 रुपये हैं।

इसी प्रकार पलासिया क्षेत्र में 01 अक्टूबर 2023 से 30 सितंबर 2024 तक 01 वर्ष की अवधि में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 137 प्रकरण दर्ज कर 59 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यवाही में 3297 लीटर कच्ची शराब, 92 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा 07 हजार 600 किलो ग्राम महुआ लहान जब्त किया गया है। इस प्रकार पलासिया क्षेत्र में पिछले 01 साल की अवधि में जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 68 लाख 87 हजार 350 रुपये हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें