जिलास्तरीय वनाधिकार समिति में 314 दावों पर हुई चर्चा
कटनी – अनुसूचित जाति एवं अन्य परम्परागत वन अधिकारों की मान्यता अधिनियम 2006 एवं नियम 2008 के तहत वन मित्र पोर्टल में अमान्य दावों को परीक्षण उपरान्त व्यक्त्गित दावों के अंतिम विनिश्चय के लिये कलेक्टर शशिभूषण सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न जिला स्तरीय समिति की बैठक में उपखण्डस्तरीय समिति द्वारा प्रस्तुत कुल 314 दावों पर निर्णय लिये गये। इस मौके पर जिला वन मण्डलाधिकारी राजेश राय, जिला संयोजक आदिम जाति सरिता नायक, समिति की सदस्य पूजा देवी सिंह भी उपस्थित रहे।
जिलास्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक में उपखण्डस्तरीय समितियों द्वारा प्रस्तुत 42 मान्य और 272 अमान्य दावों सहित कुल 314 दावों का परीक्षण किया गया। चर्चा उपरान्त प्रस्तुत 42 दावों को अनुमोदित कर पोर्टल में तत्काल में फीड करने के निर्देश दिये गये। 272 अमान्य दावे वापस एक बार परीक्षण के लिये उपखण्डस्तरीय समितियों को वापस किये जाने का निर्णय लिया गया। वन मण्डलाधिकारी राजेश राय ने बताया कि मुख्यमंत्री जी द्वारा गतदिनों ली गई वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग समीक्षा बैठक में डीम्ड फॉरेस्ट एरिया, ऑरेन्ज क्षेत्र सहित छोटे-बड़े झाड़ के जंगलों वाली भूमि पर भी पात्रताधारी हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र स्वीकृत करने के निर्देश दिये गये हैं। उपखण्ड स्तरीय समितियों द्वारा दावों का परीक्षण कर पुनः प्रस्तुत किये जाने पर जिलास्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक 8 जुलाई को शाम 4 बजे जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित की जायेगी।

