टेलीमेडिसीन (ई-संजीवनी) सुविधा से ग्राम पिपरी की अम्बिका राठवा को मिला चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार
देवास जिले में 21 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं 199 हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टरों में संचालित है टेलीमेडिसीन सुविधा
(देवास) राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्रदेश की समस्त उप स्वास्थ्य केन्द्र, हेल्थ वेलनेस सेण्टर में टेलीमेडिसीन (ई-संजीवनी) सुविधा दी जा रही है। देवास जिले में भी हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर से चिकित्सक/विशेषज्ञ से सीधा संवाद स्थापित कर नागरिक टेली कंसल्टेशन के माध्यम से परामर्श एवं उपचार की सुविधा का लाभ ले रहे है। टेलीकंसलटेशन सुविधा के माध्यम से बागली ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रतनपुर में ग्राम पिपरी की अम्बिका राठवा का टेलीमेडिसीन सुविधा से उपचार किया जा रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रतनपुर में अम्बिका राठवा का टेलीमेडिसीन (ई-संजीवनी) सुविधा से वीडियो काल के माध्यम से अम्बिका राठवा को प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमनदीप कौर से परामर्श और उपचार सेवा मिल रही है। निरन्तर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार से इनके स्वास्थ्य संबंधित समस्या में फायदा हुआ है। ग्राम में ही टेलीकंसलटेशन सुविधा के माध्यम प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ की सुविधा का लाभ मिल रहा है। इन्हें ईलाज के लिए बड़े अस्पतालों में कहीं दूर नहीं जाना पड़ता। टेलीमेडिसीन (ई-संजीवनी) के माध्यम से चिकित्सक/विशेषज्ञ से सीधा ऑडियो-विजुअल संवाद कर परामर्श एवं उपचार किया जा रहा है। टेलीमेडिसीन शासन की महत्वकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से प्रदेश की ग्रामीण जनता को विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से टेलीकंसलटेशन सुविधा का लाभ दिया जा रहा है।
देवास जिले के 21 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अजनास, आमला, अमलाताज, बाईजगवाड़ा, बावड़ीखेड़ा, भौंरासा, चौबाराधीरा, डबलचौकी, डोकाकुई, हरणगांव, कमलापुर, कांटाफोड, कुसमानिया, लोहारदा, नेमावर, पानीगांव, पीपलरावां, पुंजापुरा, रतनपुर, संदलपुर, उदयनगर में टेलीकंसटेशन और 199 हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टरों में मरीजों को टेलीमेडिसीन की सुविधा दी जा रही है।
