पुलिस लाइन मैदान के पास फटाका बाजार निरस्त, अब शोरूम के बाजू में और हेलीपेड पुनः नीलामी की मांग
(हरदा) पटाखा बाजार की दुकानों के स्थान परिवर्तन से नाराज़ फटाका व्यवसायी ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर पुनः नीलामी की मांग दोहराई है । मालूम हो कि नगरपालिका द्वारा कल दोपहर बाद पटाखा बाजार की दुकानों की नीलामी की गई थी। इस नीलामी में यह बताया गया था कि 50 दुकानें सरस्वती स्कूल के पास हेलीपैड पर लगाई जाएंगी, जबकि बाकी 13 दुकानें पुलिस लाइन में लगाई जाएंगी।किंतु नगर पालिका द्वारा आज सुबह अचानक पुलिस लाइन में लगने वाली दुकानों के स्थान को बदल दिया गया है, जिससे व्यापारियों में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो गई है और व्यापारी वर्ग अत्यधिक नाराज है।
नीलामी में 50 दुकानें जो हेलीपैड के पास लगाई गई थीं, उनकी बोली 30,000 से लेकर 45,000 रुपये तक की लगी है। वहीं, पुलिस लाइन की दुकानों की बोली केवल 3,500 से 10,000 रुपये तक रही, जिससे दोनों स्थानों की कीमतों में अत्यधिक अंतर स्पष्ट है। अब स्थान परिवर्तन के कारण व्यापारी वर्ग असंतोष प्रकट कर रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि तेरह दुकानों सहित नीलामी पुनः कराई जाए ताकि नगर पालिका को उचित राजस्व प्राप्त हो सके और व्यापारियों में व्याप्त असंतोष दूर किया जा सके।
✍️ (मुईन अख्तर खान)
RPKP INDIA NEWS
हरदा
