कलेक्टर ने मझगवां में किया किल कोरोना सर्वे का निरीक्षण

सर्वे टीम के साथ किया भ्रमण, दिये आवश्यक निर्देश

कटनी  कोरोना संक्रमण की रोकथाम और उन्मूलन के लिये एक जुलाई से प्रारंभ प्रदेश व्यापी किल कोरोना अभियान के तहत सोमवार को कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने बड़वारा तहसील के मझगवां ग्राम का भ्रमण कर सर्वे दलों द्वारा की जा रही कार्यवाहियों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होने मझगवां के ग्राम पंचायत भवन पहुंचकर बीएमओ एवं सुपरवाईजर से सर्वे दलों द्वारा अब की गई कार्यवाहियों की जानकारी ली तथा सर्वे दलों के साथ गांव की गलियों में घूमकर की गई कार्यवाहियों की तस्दीक भी की। इस दौरान एसडीएम बलबीर रमन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 एस0के0 निगम, जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह, तहसीलदार क्षमा सराफ, बीएमओ अनिल झामनानी, सीईओ जनपद ज्ञानेन्द्र मिश्रा, एपीडमिक विशेषज्ञ डॉ0 रश्मि गुप्ता भी उपस्थित रहे।

            कलेक्टर श्री सिंह ने सबसे पहले मझगवां के ग्राम पंचायत भवन पहुंचकर गांव में सर्वे दलों द्वारा अब तक की गई कार्यवाहियों की जानकारी बीएमओ से ली। इसके बाद कलेक्टर श्री सिंह सर्वे दलों के साथ गांव की गलियों में भ्रमण कर ग्रामीणों के परिवारजनों से चर्चा कर उन्हें कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिये मास्क, सैनीटाईजर, हाथ धोने और सोशल डिस्टेन्स का पालन करने को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। सर्वे दलों ने बताया कि अब तक 40 घरों का हेल्थ सर्विलान्स सर्वे पूर्ण कर लिया गया है। मलेरिया, डेंगू, सर्दी, खांसी अथवा संक्रमण के लक्षणों वाला कोई व्यक्ति नहीं मिला है। सभी परिवार के सदस्यों का ऑक्सीजन लेवल और टेम्परेचर चैक किया गया है तथा उन्हें इम्युनिटी बूस्टर के रुप में संशमनी आयुष औषधि तथा विटामिन सप्लीमेन्ट भी दिये गये हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने सर्वे दलों को स्वयं का भी बचाव करते हुये सावधानी और सतर्कता से सर्वे कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि सर्वेदल सुनिश्चित करें कि गांव का कोई भी घर अथवा परविार हैल्थ सर्वे से छूटना नहीं चाहिये। किल कोरोना अभियान के तहत गठित 225 सर्वे दलों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक घर के परिवार के सभी सदस्यों का हेल्थ सर्वेलान्स सर्वेकर स्वास्थ्य जांच की जा रही है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें