मुख्यमंत्री ने सपत्नीक किये भगवान कामतानाथ के दर्शन
(सतना) मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सतना जिले के चित्रकूट प्रवास के दौरान रविवार को चित्रकूट में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भगवान कामतानाथ मंदिर में सपत्नीक पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सपत्नीक कामदगिरि की परिक्रमा भी की। इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार भी उनके साथ उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिक्रमा पथ में सरयू धारा के समीप रामधुन और भजन गा रहे श्रद्धालु से कुशलक्षेम पूछी और उपहार राशि भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कामदगिरि परिक्रमा पथ में राधा बाई उर्फ ममता सोनी की चाय की दुकान पर रूककर स्वयं चाय बनाई और साथ में परिक्रमा कर रहे जनों को चाय दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वयं भी परिक्रमा पथ की चाय का स्वाद लिया। उन्होंने परिक्रमा पथ पर घूम रहे बालगोपाल स्वरूप बच्चों शारदा यादव और पवन सेन को पास बुलाकर खिलौनों का उपहार दिया।
