न्यायोत्सव के अंतर्गत वृद्धाश्रम टीकमगढ़ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम/विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजिनत
(टीकमगढ़) माननीय म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 4 से 9.11.2024 के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसीक्रम में आज प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टीकमगढ़ श्री हितेन्द्र सिंह सिसौदिया की मुख्य आतिथ्य में मातृ-पितृ छाया वृद्वाश्रम, टीकमगढ़ में वृद्धजन के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ विशेष स्वास्थ्य श्वििर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टीकमगढ़ श्री हितेन्द्र सिंह सिसौदिया ने उपस्थित वृद्धजन का साल, माला एवं श्रीफल से सम्मान करते हुए उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही माता पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के बारे जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय परम्परा के मूल्य वयोवृद्ध व्यक्तियों के मानव अधिकारों पर जोर देते हैं। इनमें बुजुर्गों की देखभाल प्रमुख रूप से शामिल है। लेकिन आज की भौतिकतावादी सामाजिक व्यवस्था के चलते संयुक्त परिवार की अवधारणा क्षीण होती जा रही है। अनेक वयोवृद्ध व्यक्तियों की उनके परिवार द्वारा देखभाल नहीं की जा रही है।
शिविर में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टीकमगढ़ श्री वरूण पुनासे ने नालसा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवा योजना की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं मध्यस्थता, विधिक सहायता, विधिक सलाह, लोक अदालत आदि की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उपस्थित वृद्धजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उपस्थित वृद्धजनों की बी.पी., शुगर एवं अन्य बीमारियों की जांच की गयी, जांच उपरांत दवाओं का वितरण किया गया।
इसीप्रकार श्रेया मानव कल्याण समिति द्वारा संचालित वृ़द्धाश्रम, कुण्डेश्वर में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत विधिक जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टीकमगढ़ श्री वरूण पुनासे द्वारा उपस्थित वृद्धजन के अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई एवं उपस्थित वृद्धजन का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बृजेन्द्र सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्री शोभाराम रोशन, डॉ. शांतनु दीक्षित, डॉ. वरूण खरे, डॉ. सोनल श्रीवास्तव, चिकित्सक प्रशिक्षण दल, अध्यक्ष बृ़द्धाश्रम श्रीमती श्रृधा चौहान, संचालक वृद्धाश्रम श्री अजय जैन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मातृ-पितृ छाया एवं श्रेया मानव कल्याण समिति द्वारा संचालित बृद्धाश्रम के कर्मचारी तथा वृद्धजन उपस्थित रहे।
