विश्व शौचालय दिवस पर जिला पंचायत के सीईओ के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में हुई विविध प्रकार की गतिविधियां

घंघरीकलां के अलोनी नदी के तट पर बने धार्मिक स्थल पर हुई शौचालय सुविधा, हुआ लोकार्पण, ग्रामीणों को असुविधा से मिली निजात

(कटनी)  विश्व शौचालय दिवस पर जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत के निर्देश पर  ग्राम पंचायत घंघरी खुर्द के आलोनी नदी तट पर निर्मित शौचालय का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जनपद पंचायत कटनी के सीईओ प्रदीप सिंह की उपस्थिति में किया गया। नदी के तट पर धार्मिक स्थल एवं प्रतिवर्ष मेले का आयोजन होने के कारण आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का आवागमन होता है । सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ता था।
समस्या का समाधान करने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत प्रदीप सिंह ने समस्या को संज्ञान में लेकर जनपद स्तर के 15 वें वित्त से शौचालय स्वीकृत करते हुए गुणवत्तापूर्ण शौचालय निर्माण के निर्देश दिए थे। फलस्वरुप विश्व शौचालय दिवस पर नागरिकों को सौंपा गया। शौचालय की देखभाल और साफ सफाई हेतु  ग्राम पंचायत को निर्देशित किया गया। विकास खण्ड समन्वयक जग्गी पटेल द्वारा शौचालय के उपयोग एवं महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी आमजन को दी गई। शौचालय निर्माण हेतु पात्र हितग्राहियों को स्थल पर ही स्वीकृति पत्र वितरित कर शीघ्र शौचालय निर्माण कराये जाने आग्रह किया गया।
उल्लेखनीय है कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत 19 नवंबर को प्रतिवर्ष विश्व शौचालय दिवस का आयोजन कर शौचालय निर्माण व उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जाता है। इस वर्ष यह अभियान हमारा शौचालय हमारा सम्मान अभियान के रूप में 10 दिसंबर तक मनाए जाने के निर्देश समस्त ग्राम पंचायतों को दिए गए हैं। अभियान अंतर्गत व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक शौचालय के उपयोग एवं मरम्मत की गतिविधियों को किया जाना है। साथ ही स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को शौचालय निर्माण हेतु स्वीकृति पत्र तथा प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने तैयारी की गई । आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच समुन्दर सिंह,सचिव आराधना तिवारी, शिवप्रसाद पटेल रोजगार सहायक, राजेंद्र गुप्ता शिक्षक,कीर्ति त्रिसोलिया शिक्षक ,मीना दहिया आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं नागरिकों की उपस्थिति सराहनीय रही।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें