मतदाता सूची में दर्ज होने से कोई भी मतदाता वंचित ना रहे – संभागायुक्त
(भोपाल) रोल प्रेक्षक एवं भोपाल संभागायुक्त श्री संजीव सिंह ने निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विदिशा जिले में क्रियान्वित मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुर्नरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत मतदाता सूची की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया है। कलेक्टेट के बेतवा सभागार कक्ष में आयोजित उक्त समीक्षात्मक बैठक में राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ-साथ कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत चौबे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मोहिनी शर्मा, संयुक्त कलेक्टर द्वय श्रीमती शशि मिश्रा, सुश्री निकिता तिवारी, एसडीएम श्री क्षितिज शर्मा, तहसीलदार डाॅ. अमित सिंह, एसएलआर श्रीमती कृष्णा रावत के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहें।
कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुर्नरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत रोल प्रेक्षक एवं भोपाल संभागायुक्त को विदिशा जिले की पांचो विधानसभाओं में फोटो निर्वाचक नामावलियों के जारी विशेष संक्षिप्त कार्यक्रम की बिन्दुवार जानकारी दी जिसमें एक जनवरी 2025 की आर्हता तिथि के आधार पर फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुर्नरीक्षण कार्यक्रम का क्रियान्वयन, जिले की पांचो विधानसभाओं के मतदान केन्द्रो, संशोधित मतदान केन्द्र, प्रोजेक्ट पापुलेशन वर्ष 2025 के मान से कुल मतदाता, जेण्डर, ईपी रेशो, पीडब्ल्यूडी के एवं 85 प्लस तथा सर्विस मतदाताओं की अद्यतन स्थिति के अलावा ईआरो नेट पर दर्ज आवेदन फार्म 6,7 एवं 8 तथा फार्म छह के अंतर्गत 18 से 19 आयु के नवीन मतदाताओं की संख्या, विशेष कैम्प में प्राप्त दावे आपत्तियों से अवगत कराया गया है इसके अलावा राजनैतिक दलो के साथ पूर्व बैठक में मुहैया कराई गई निःशुल्क सामग्री जिसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलो को फोटोयुक्त मतदाता सूची की एक-एक प्रति, मतदाताओं से संबंधित समस्त जानकारी का फोल्डर, फोटो रहित एक-एक सीडी, साफ्ट काॅपी के सेट तथा पांचो विधानसभाओं के मतदान केन्द्रा का एक-एक सेट उपलब्ध कराया गया है।
विदिशा जिले में मतदाता सूची प्रारूप प्रकाशन के उपरांत संचालित होने वाली स्वीप गतिविधियों के लिए तिथिवार निर्धारित गतिविधियां और कैलेण्डर के अलावा निर्वाचन आयोग से प्राप्त सामग्री का सोशल मीडिया, प्रिन्ट मीडिया के अलावा विभिन्न प्रकार के अन्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम जिसमें नुक्कड नाटक, ईएलसी क्लब द्वारा नवीन भावी मतदाताओं के नाम जोडने के लिए विशेष प्रयास संबंधी कार्यक्रम के अलावा राज्य के जैण्डर रेशो और जिले का जेण्डर रेशो अंतर्गत महिला मतदाताओं को जोडने के लक्ष्य और अब तक प्राप्ति के अलावा डोर-टू-डोर सर्वे में नवीन भावी मतदाता 18 से 19 आयु के मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोडने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारियां प्रस्तुत की गई है। कलेक्टेट के बेतवा सभागार कक्ष मेें आयोजित उक्त बैठक में राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलो के पदाधिकारियों ने इस दौरान सुझाव दिया कि दलो को प्रदाय की जाने वाली फोटो रहित सीडी में यदि मतदाताओं की फोटो सम्मिलित की जाए तो हमारे बीएलओ सहित अन्य सभी के लिए संपर्क करने में सहूलियत होगी। इस दौरान उन्हें अवगत कराया गया कि उक्त अधिकार क्षेत्र निर्वाचन आयोग के अधीन है। अतः आप अपने सुझाव व मंशा से पार्टी के माध्यम से आयोग को अवगत करा सकते है। बैठक के अंत में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मोहिनी शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
