“विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग” की थीम पर मनाया जा रहा “राष्ट्रीय युवा महोत्सव”
इच्छुक युवा “माय भारत पोर्टल” के माध्यम से 5 दिसंबर तक हो सकते है शामिल
(बालाघाट) हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी “राष्ट्रीय युवा महोत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। नेहरू युवा केंद्र बालाघाट के जिला युवा अधिकारी प्रांजल अग्रवाल एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक श्री सी आर जंघेला ने बताया कि इस बार का युवा महोत्सव बेहद खास और अलग होगा। “विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग” की थीम पर आधारित चार स्टेज वाले इस कार्यक्रम में इच्छुक युवा “माय भारत पोर्टल” के माध्यम से 25 नवंबर से 5 दिसंबर तक शामिल हो सकते है। इस कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष तक के युवा हिस्सा ले सकते हैं। पहले चरण में विकसित भारत की थीम पर ऑनलाइन क्विज कंपटीशन का आयोजन मायभारत पोर्टल पर होगा। इसमें से चुने गए प्रतिभागी दूसरे चरण में ऑनलाइन निबंध लेखन में भाग लेंगे। तीसरे लेवल पर स्टेट चैंपियनशिप भोपाल में और चौथी और आखिरी चरण में नेशनल चैंपियनशिप नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया जाएगा। नेहरू युवा केंद्र पर्यवेक्षक श्री जंघेला ने बताया है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को अपने देश की संस्कृति, इतिहास और सभ्यता से जोड़ना होगा और साथ ही साथ युवाओं से संवाद कर उनके विचार को प्रमुखता के साथ राष्ट्रीय स्तर पर साझा करना है। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग” का कार्यक्रम राष्ट्रीय युवा महोत्सव के दौरान 11 और 12 जनवरी 2025 को आयोजित होगा। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी नई दिल्ली के भारत मंडपम में 3 हजार युवाओं के साथ संवाद करेंगे । इनमें से 1500 प्रतिभागियों का चयन “विकसित भारत चैलेंज” के माध्यम से माय भारत प्लेटफ़ॉर्म पर किया जाएगा।
