जिले में अब तक 7 लाख 83 हजार से अधिक लोगों को वितरित की गई रोग प्रतिरोधात्मक औषधि
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशानुसार कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिये लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने आयुष औषधियों का सेवन कराया जा रहा है। जिला आयुष विभाग द्वारा अपने 33 ग्रामीण औषधालयों के क्षेत्रान्तर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में आयुष दवा वितरण कराने 33 आयुष टीमें गठित की गई हैं। यह टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव की सावधानियों और सोशल डिस्टेन्स का पालन करने के लिये जागरुक भी कर रही हैं।
जिला आयुष अधिकारी डॉ0 आर0के0 सिंह ने बताया कि 9 जुलाई तक जिले में कुल 7 लाख 83 हजार 56 व्यक्तियों को इन औषधियों का निःशुल्क वितरण आयुष विभाग द्वारा किया गया है। जिसमें शहरी क्षेत्र अन्तर्गत कुल 99 हजार 899 व्यक्तियों को आयुर्वेदिक तथा 53 हजार 957 व्यक्तियों को होम्योपैथी औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्र में 1 लाख 8 हजार 472 व्यक्तियों को आयुर्वेदिक औषधि तथा 5 लाख 20 हजार 728 व्यक्तियों को होम्योपैथी दवा वितरित की गई है। इसी प्रकार साथ ही अब तक जिले में अन्य राज्यों व अन्य जिलों से आये 25 हजार 176 श्रमिकों को भी इन दवाओं का वितरण किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में 33 और शहरी क्षेत्र में 4 कुल 37 आयुष टीमें सतत् रुप से दवा वितरण कर रही हैं। वहीं अब तक जिले में ग्रामीण क्षेत्र अन्तर्गत 347 तथा शहरी क्षेत्र में 18 पॉकेट्स मिलाकर कुल 365 पॉकेट्स में दवाओं का वितरण आयुष विभाग ने किया है।


