ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे मनरेगा के 6109 निर्माण कार्य

कलेक्टर ने कहा बरसात में भी दिलायें प्रवासी मजदूरों को काम

कटनी  कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने ग्रामीण विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुये प्रवासी मजदूरों को रोजगार के साधन सतत् मुहैया कराने की दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात के समय भी पर्याप्त निर्माण कार्य संचालित रखने के निर्देश दिये हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में आत्म निर्भर पथ विक्रेता योजना, गरीब कल्यााण रोजगार अभियान, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास, स्वच्छ भारत मिशन, आजीविका मिशन, वृक्षारोपण, संबल योजना, रोजगार सेतु पोर्टल सहित ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, एसीईओ गौरव पुष्प, जनपद के सीईओ विनोद पाण्डेय, प्रदीप सिंह, ज्ञानेन्द्र मिश्रा, प्रभा तेकाम, कार्यपालन यंत्री आरईएस श्री ठाकुर सहित सहायक यंत्री, परियोजना अधिकारी भी उपस्थित थे।

            कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मनरेगा सहित अन्य निर्माण योजनाओं में बरसात के समय ज्यादा से ज्यादा पक्के कार्य एवं वृक्षारोपण, भवन निर्माण के कार्य किये जायें ताकि प्रवासी और स्थानीय मजदूरों को रोजगार की समस्या नहीं हो। उन्होने कहा कि मनरेगा में मशीनों का उपयोग सख्त रुप से प्रतिबंधित है। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्यवाही सुतिनश्चित की जायेगी। कन्टूर ट्रेन्च, गौशाला निर्माण नन्दन फलोद्यान, सीसी सड़क के काम एक साथ शुरु किये जायें। बरसात के मौसम में कपिल धारा कुओं के निर्माण को लेकर पूरी सुरक्षा बरती जाये। सभी कपिल धारा के पूर्ण हो चुके कुओं में बंधाई, जगत निर्माण के सुरक्षात्मक प्रबंध बरते जायें। मौके पर पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की तत्काल सीसी जारी करें ताकि प्रगति दिखे।

            गरीब कल्याण रोजगार अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों में अधिकाधिक रुप से प्रवासी मजदूरों की आजीविका जोड़ी जाये। सीईओ जिला पंचायत श्री गोमे ने बताया कि गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत 2986 प्रवासी मजदूरों को नियोजित किया गया है। रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से हुनर के अनुसार 2286 प्रवासी मजदूरों को आजीविका से जोड़ा गया है। कटनी जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। पोर्टल पर 516 नियोक्ताओं ने पंजीयन कराया है। इसी प्रकार मनरेगा के तहत वर्तमान में चल रहे 6109 निर्माण कार्यों में 46 हजार मजदूर प्रतिदिन कार्य कर रहे हैं। जॉबकार्ड धारी 8814 प्रवासी मजदूरों में से 6981 प्रवासी मजदूरों को मनरेगा के कार्य में रोजगार दिया जा रहा है। वृक्षारोपण के तहत कुल 1896 परियोजनाओं में गैप फिलिंग 402, नर्सरी 6, नंदन फलोद्यान 302, अन्य फलोद्यान 179, बांस वृक्षारोपण 150, चारागाह वृक्षारोपण सहित 917 नवीन वृक्षारोपण के कार्य संचालित हैं। 443 एमडीएम की पोषण वाटिका में भी वृक्षारोपण होगा। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में अब तक 42 हजार 935 आवास के लक्ष्य अनुरुप 41 हजार 234 आवास पूर्ण किये जा चुके हैं। आजीविका मिशन के तहत 150 महिला स्वसहायता समूहों की 1625 सदस्यों को 2 लाख 70 हजार की स्कूली गणवेश सिलाई के काम से जोड़ा गया है। कुल 17 सिलाई केन्द्रों में स्वसमूहों की महिलायें गणवेश तैयार करने का काम करेंगी। जिला आपूर्ति अधिकारी प्रमोद श्रीवास्तव ने बताया कि वन नेशन-वन राशन कार्ड के तहत जिले के शेष उपभोक्ताओं की आधार सीडिंग का कार्य 31 जुलाई तक पूर्ण करना है। जिले के कुल 9 लाख 56 हजार 936 पात्र परिवार सदस्य संख्या में से 73 प्रतिशत अर्थात 7 लाख 36 हजार 817 सदस्यों की आधार सीडिंग है। शेष 23 प्रतिशत सदस्यों की आधार सीडिंग राशन दुकानों की पीओएस मशीन पर करना है। इस कार्य के लिये दुकान विक्रेता, ग्राम सचिव और रोजगार सहायक, नोडल अधिकारी को दायित्व दिये गये हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें