टीएल बैठक में कलेक्टर ने की समय सीमा प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा
मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान की तैयारी करने दिए निर्देश
कलेक्टर श्री शर्मा ने बैठक में मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के शिविरों के लिए प्रत्येक जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय में नोडल अधिकारी, सेक्टर अधिकारी, संपर्क दल एवं शिविर प्रभारी नियुक्त करने के निर्देश दिए और कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इस अभियान का हिस्सा बनाएं। इस दौरान बताया गया कि जिले में हितग्राहीमूलक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए ग्राम एवं जनपद स्तर अभ्यूदय दल बनाएं गए हैं। ग्राम स्तरीय अभ्यूदय दल में पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, कोटवार एवं लाईनमैन को शामिल किया गया है। जनपद स्तरीय अभ्यूदय दल ग्राम स्तरीय दल के कार्यों की नियमित रूप से समीक्षा करेगा। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक 34 योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों को दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। 26 जनवरी को ग्राम सभा की बैठक में हितलाभ का वितरण किया जाएगा। इसके बाद यदि किसी पात्र व्यक्ति की शिकायत आती है तो उसे योजना का लाभ नहीं मिला है तो इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि राजस्व महाअभियान-3.0 की अवधि 15 दिसंबर 2024 से बढ़ा कर 26 जनवरी 2025 कर दी गई है। अतः राजस्व अधिकारी इस अभियान को गति देते रहे और अपने क्षेत्र के पटवारियों के कामों की प्रतिदिन की रिपोर्ट लेते रहे। 11 दिसंबर को गीता जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। जिले में किसानों को खाद की आवश्यकता के अनुरूप आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान बताया गया कि रबी सीजन में 85 प्रतिशत फसलों की बुआई का कार्य पूर्ण हो गया है।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन एवं समाधान ऑनलाइन के प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 50 दिन से अधिक की लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान दें। जिन योजनाओं में बजट प्राप्त हो गया है उनसे संबंधित शिकायतों में राशि का भुगतान कर शिकायतों को तत्काल बंद कराएं।
