मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान अन्तर्गत 11 दिसंबर से आयोजित होंगे शिविर,नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे ने आदेश जारी कर सौंपे दायित्व
(कटनी) मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान दिनांक 11 दिसम्बर 2024 से 26 जनवरी 2025 तक आयोजन किया जाएगा। जिसका मुख्य उद्देश्य केन्द्र एवं राज्य सरकार की चिन्हित योजनाओं का लाभ लेने से छूट गये हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें लाभ प्रदान करना है।निगमायुक्त नीलेश दुबे ने मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान की संपूर्ण कार्य व्यवस्थाओं के लिये आदेश जारी कर पवन कुमार अहिरवार, उपायुक्त को प्रभारी अधिकारी तथा सुधीर मिश्रा, प्र.कार्यपालन यंत्री को सहायक प्रभारी अधिकारी एवं जागेश्वर प्रसाद पाठक, राजस्व अधिकारी को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया हैं।श्री दुबे ने मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान हेतु नगरपालिक निगम, कटनी सीमाक्षेत्र के वार्डों में संपर्क दल एवं शिविर के आयोजन हेतु दल का गठन कर दिनांक वार वार्डों में प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर का आयोजन किए जाने के आदेश जारी किए हैं,साथ ही सेक्टर अधिकारी संपर्क दल एवं शिविर प्रभारी को सुनियोजित एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु कार्यवाही करने के दायित्व सौंपे हैं।उक्त शिविरों में चिन्हित हितग्राहीमूलक योजना, सेवाओं से संबंधित अधिकारी सभी शिविर स्थलों में प्राप्त होने वाले आवेदनों एवं कार्यालय में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण कराना सुनिश्चित करेंगे तथा वार्ड स्तरीय गठित शिविर दल को चिन्हित विभागीय सेवाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करेंगे।आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारी, कर्मचारी को सौंपी गई व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराना सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया है।
